Logo
Monsoon Update: शनिवार 22 जून को मानसून ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में दस्तक दी है। IMD ने मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है। जानें आपके शहर में कब होगी बारिश

Monsoon Update: देश में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को मानूसन को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने कहा कि मॉनसून उत्तर भारत और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में 27 जून से 3 जुलाई के बीच दस्तक देगा। शनिवार 22 जून को मानसून ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में दस्तक दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों में बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और पूर्वी यूपी में भी मानसून पहुंच सकता है।

सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
IMD ने कहा है कि देश में मनसून की स्थितियां बेहद अनुकूल हैं। ताजा पूर्वानुमान से लगता है कि देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। इससे लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पश्चिमी राजस्थान में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। 

अब तक सामान्य से 17% कम बारिश हुई
IMD के अनुसार, 1 से 20 जून तक देश में 77 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य तौर पर इस पीरियड के दौरान होने वाली बारिश से 17% कम है। हर साल इस दौरान सामान्य तौर पर 92.8 मिमी बारिश होती रही है। शुक्रवार को ओडिशा के राउरकेला में सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश हुई। वहीं, राजस्थान के कोटा और अजमेर में 40-40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 

मध्य भारत में पहुंचा मानसून
शनिवार को मानसून देश की उत्तरी सीमा जलगांव, मंडला, नवसारी, पेंड्रा रोड, झारसुगुड़ा, हल्दिया, बालासोर, पाकुड़, रक्सौल और साहिबगंज होकर गुजरा। इससे किसानों और आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। इससे पहले मानसून ने गुरुवार को विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बंगाल की खाड़ी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में दस्तक दी थी।

दक्षिण बंगाल में दस्तक दे चुका है मानसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने शुक्रवार को दक्षिणी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में दस्तक दी। हालांकि, क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हुई है। IMD के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में दक्षिण बंगाल के और अधिक हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। राजधानी दिल्ली में मानसून के आने की तारीख 27 जून है। IMD ने कहा कि इस साल मनसून की स्थिति सामान्य रहेगी। देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक

23 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और यूपी के लिए बारिश होने काअलर्ट जारी कर दिया गया है। 

महाराष्ट्र में तेज हवा से नुकसान
महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से तेज हवा और बारिश के कारण कई पेड़ उखड़ गए हैं। पालघर में एक पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। ठाणे में बारिश के कारण शेड गिरने, दीवार ढहने और सड़कों पर पानी भरने की सूचना मिली है।

12 से 18 जून तक मानसून रुका रहा
दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 मई को निकोबार में पहुंचा और केरल में 30 मई को दस्तक दी। 12 से 18 जून तक मानसून रुका रहा। यही वजह रही कि उत्तर भारत में हीटवेव के कारण भीषण गर्मी की स्थिति पैदा हुई। 18 जून तक मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अन्य राज्यों में पहुंच चुका था।

असम में बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए
असम में बीते हफ्ते से लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश होने के कारण असम में बाढ़ जैसे हालात पैदा हाे गए हैं। 19 जिलों में करीब 4 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ और लैंडस्लाइड से असम में इस साल अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए 100 रीलीफ कैंप और 125 सेंटर बनाए हैं।

5379487