Logo
Aaj ka Mausam: देश के कई राज्यों में सावन में झड़ी लगी है। बारिश से हाहाकार मचा है। जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई को महाराष्ट्र, यूपी, एमपी, गुजरात, उत्तराखंड सहित 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Aaj ka Mausam: भारत के कई राज्यों में तेज बारिश से हाहाकार मचा है। जमकर बरस रहे पानी के कहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई। मौसम विभाग ने शनिवार 27 जुलाई को महाराष्ट्र, यूपी, एमपी, गुजरात, उत्तराखंड सहित 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। महाराष्ट्र के 8 जिलों पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, चंद्रपुर, गोंदिया और गढ़चिरौली में शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जानें किस राज्य में कितनी बारिश। 

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने शनिवार को गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान और कर्नाटक में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तमिलनाडु, केरल, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश की संभावना जताई है। 

उत्तराखंड: 12वीं क्लास तक की छुट्टी
उत्तराखंड में बारिश से यमुनोत्री धाम के दोनों गर्मकुंडों में मलबा भर गया है। मंदिर का ऑफिस और रसोई टूट गई है। मंदिर तक जाने वाला पैदल पुल भी बह गया है। देहरादून में भारी बारिश की संभावना के चलते 1 से 12 क्लास तक और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्‌टी का ऐलान किया है।
चमोली में बारिश के कारण बद्रीनाथ में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। 

गुजरात: कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात 
गुजरात के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 2700 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 2200 लोग नवसारी और 500 लोग तापी जिले के हैं। नवसारी से गुजरने वाली पूर्णा नदी खतरे के निशान से 5 फीट ऊपर बह रही है। नदी के बेकाबू होने से शहर का 30 फीसदी हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। 

भोपाल में भारी बारिश 

मध्यप्रदेश: 21 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट 
मध्यप्रदेश में भारी बारिश हो रही है। शनिवार को विदिशा, रायसेन, हरदा, बैतूल, जबलपुर और बालाघाट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत 21 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। शुक्रवार को 18 जिलों जमकर पानी बरसा। पन्ना की निरंकार नदी में बोलेरो बह गई। ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। विदिशा में बेतवा नदी के तट पर मंदिर डूब गए।  

उत्तरप्रदेश: 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट 
उत्तरप्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी है। शनिवार को 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। रामपुर में ढाई साल की बच्ची नाले में बह गई। बुलडोजर से मासूम की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। सीतापुर में बारिश के दौरान छज्जा गिरने से महिला की मौत हो गई।  शुक्रवार को 50 जिलों में बारिश हुई।   

छत्तीसगढ़: 20 जिलों में बारिश का अलर्ट 
छत्तीसगढ़ में बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बलौदाबाजार के धारचूला बांध टूटने से गणेशपुर गांव में बाढ़ जैसी स्थिति बनी। कई घर प्रभावित हुए हैं। कांकेर के कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। कोयलीबेड़ा की मेंढकी नदी उफान पर है। बिलासपुर में बारिश का पानी घरों में घुस रहा है।  बेमेतरा में तीन दिन के लिए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

कल इन राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने रविवार यानी 28 जुलाई को पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा और गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और इंटीरियर कर्नाटक में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

5379487