IMD Weather Updates: देशभर में मौसम बदल रहा है। उत्तर भारत में सुबह-शाम ठंड हो रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट दिया है। आईएमडी ने 25 फरवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के कई हिस्सों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड जैसे कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी के अनुसार, 26 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में बारिश की संभावना है। 26 और 27 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। बर्फबारी की भविष्यवाणी की गई है। उत्तर प्रदेश में भी 26 और 27 फरवरी को बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

उत्तराखंड में उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तूफान के साथ हल्की बारिश बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 3000 मीटर और उससे अधिक की ऊंचाई पर बर्फबारी की भविष्यवाणी की गई है। आईएमडी ने कहा कि उत्तराखंड के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में बारिश-ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग ने फरवरी महीने के अंत तक मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 

आईएमडी भोपाल के मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन ने कहा कि राज्य में 24 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है और इसके अलावा छत्तीसगढ़ में एक साइकल सर्कुलेशन (चक्र परिसंचरण) बना हुआ है। मिजोरम से कर्नाटक और तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। इस कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आएगी। इसके बाद 28 और 29 फरवरी तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वी मप्र और जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के जिलों में अधिक वर्षा होगी।

MP Weather Update

बंगाल, ओडिशा और झारखंड में हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने कहा है कि 26 और 27 फरवरी को छत्तीसगढ़, विदर्भ, मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलेंगी। गरज और बिजली के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश की भी भविष्यवाणी की गइ गई है। आईएमडी ने यह भी कहा कि 26 फरवरी को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

आईएमडी ने कहा कि 27 फरवरी तक पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बादल छाए रहने का अनुमान
राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग ने शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। जबकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 8 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 157 की रीडिंग के साथ मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।

दरअसल, शून्य और 50 के बीच एक AQI को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।