Lok Sabha Election 2024: बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन में शामिल दलों के बीच सीटों का फॉर्मूला तय हो गया है। बिहार में बीजेपी 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि नीतीश कुमार की जेडीयू 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इसी तरह चिराग पासवान की पार्टी LJPR को 5 सीट, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सहित एनडीए के अन्य सहयोगियों को क्रमशः एक-एक सीट मिली है।

बिहार BJP प्रभारी विनोद तावड़े सहित एनडीए के अन्य दलों के साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीटों का ऐलान किया गया। औरंगाबाद, बेगूसराय, सारण जैसी सीटों पर भाजपा उम्मीदवार उतारेगी। जबकि, हाजिपुर की सीट चिराग पासवान के खाते में गया। वहीं, चिराग के चाचा पशुपति पारस की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली।

बिहार में एनडीए में सीटों का बंटवारा इस प्रकारः
बिहार में भारतीय जनता पार्टी 17 सीटों पर और नीतीश कुमारी की पार्टी जदयू 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चिराग पासवान की LJP (R) को 5 सीटें, जीतन राम मांझी की पार्टी HAM और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM को क्रमशः 1-1 सीट मिली है।

BJP इन सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी बिहार में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, अररिया, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम जैसी सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी।

JDU इन सीटों पर लड़ेगी चुनाव
नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के खाते में वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद, सीवान जैसी सीटें गई है।

चिराग के खाते में गए ये सीट
चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) को वैशाली, हाजीपुर, खगड़िया, जमुई और समस्तीपुर सीटें मिली है।

मांझी गया सीट से लड़ेंगे चुनाव
जीतन राम मांझी की पार्टी HAM के खाते में गया की सीट गई है, जबकि उपेंद्र कुशवाहा को काराकाट की सीट  मिली है।

बिहार में सात चरणों में होगी लोकसभा चुनाव
केंद्रीय चुनाव ने लोकसभा इलेक्शन की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बिहार में सात चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण (19 अप्रैल) में औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई की सीटों पर चुनाव होंगे। दूसरे चरण (26 अप्रैल) में किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में मतदान होगा। तीसरे चरण (7 मई) में झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया जैसी सीटों पर वोटिंग होगी। चौथे चरण (13 मई) में दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। पांचवें चरण (20 मई) में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में वोट डाले जाएंगे। छठे चरण (25 मई) में वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज जैसी सीटों पर वोटिंग होंगी। अंतिम और सातवें चरण (1 जून) में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद जैसी सीटों पर मतदान होगा।

बता दें कि, 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे।