PM Modi on Article 370: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आर्टिकल 370 अब हमेशा के लिए खत्म हो चुका है। यह कोई स्थायी प्रावधान नहीं था। इसे एक दिन खत्म ही होना था।  PM Modi ने कहा कि  देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित नेहरू ने संसद में कहा था कि एक दिन ये घिसते-घिसते घिस जाएगा। अब यह खत्म हो चुका है और अब जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोग अपनी नियति को नया आकार देने के लिए आजाद हैं।  

कुछ लोग 370 हटाने के पक्ष में नहीं थे

प्रधानमंत्री ने कहा कि भले ही आर्टिकल 370 एक अस्थायी प्रावधान था लेकिन कुछ लोग इसे हटाने के पक्ष में नहीं थे। इसकी वजह से इसे खत्म करने में दिक्कतें आईं। जम्मू-कश्मीर के लोग खासतौर यहां कि महिलाएं पिछले 70 साल से अपने अधिकारों से वंचित रही। आज जम्मू-कश्मीर की महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। चाहे बिजनेस हो या खेल महिलाएं अपना झंडा बुलंद कर रही हैं। राज्य में आतंकवाद सबसे निचले स्तर पर है। टूरिज्म को नई ऊंचाइयां मिली है। इससे जम्मू-कश्मीर के लोगों के जीवन में बदलाव आया है। 

हमेशा देश को पहले रखा: PM Modi
PM Modi ने कहा कि मैंने जो भी किया एक भाजपा कार्यकर्ता, एक मुख्यमंत्री और एक प्रधानमंत्री के तौर पर किया। हमेशा देश को पहले रखा। केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को लेकर एक लंबी योजना अपनाई। जम्मू-कश्मीर में स्थिरता, शांति और समृद्धि लाने के लिए कदम उठाए गए। इसके साथ ही विकास पर जोर दिया गया। ढ़ांचागत सुविधाओं में निवेश किया गया।लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया गया। रोजगार के अवसर पैदा किए गए।

कश्मीर में लोकतंत्र जमीनी स्तर पर मजबूत हुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र जमीनी स्तर पर मजबूत हुआ है। राज्य में तीन स्तर की पंचायती राज व्यवस्था बनाई गई है। करीब 35 हजार नेता जमीनी स्तर पर चुनकर आए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर तो संसद में पहले से ही जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व रहता है। जम्मू-कश्मीर में हुए स्थानीय निकाय चुनाव को भी उन्होंने अहम बताया। उन्होंने इंडिया टुडे के एक कार्यक्रम में यह बात कही।