Logo
PM Modi Gujarat Anand Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दौरे पर हैं। गुरुवार, 1 मई को उन्होंने आणंद की रैली में कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है।

PM Modi Gujarat Anand Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 2 मई को गुजरात के आणंद में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं।

60 साल बनाम 10 साल की गिनाई उपलब्धियां
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल में करीब 60 फीसदी ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 10 साल में भाजपा सरकार ने शत प्रतिशत टॉयलेट बना दिए। 60 साल में कांग्रेस सिर्फ देश में 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल सुविधा पहुंचा पाई थी। यानी 20 फीसदी से भी कम घरों में। 10 साल में हमारी सरकार ने करीब 75 फीसदी घरों में नल से जल पहुंचा दिया है। अब 14 करोड़ लोगों को नल से जल मिल रहा है। 

चाय वाले ने इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचाया
पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। बैंकों पर कब्जा कर लिया और कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। लेकिन गरीबों का खाता नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जन धन बैंक खाते खोले। 2014 में आपने मुझे गुजरात से दिल्ली भेजा। उस समय देश के एक बड़े अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा तो देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया है। 

कांग्रेस से पूछा सवाल- देश में दो संविधान क्यों थे?
पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस मुझे जवाब दे कि क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में 2 संविधान, 2 झंडे थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।

पहले डोजियर भेजती थी कांग्रेस
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है। संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही।

कांग्रेस आज बनी फेक फैक्ट्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मोदी देश को एक करने के सरदार साहब के सपने को पक्का कर रहा है। वहीं कांग्रेस देश को बांटने में जुटी है, कांग्रेस समाज में लड़ाई-झगड़ा कराना चाहती है। आज लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कांग्रेस इतनी बौखला क्यों गई है। कांग्रेस आज फेक फैक्ट्री यानी फर्जी माल की फैक्ट्री बन गई है। मोहब्बत की दुकान बोलकर कांग्रेस झूठ का सामान क्यों बेच रही है?

SC/ST की परवाह नहीं की
पीएम मोदी ने आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी SC/ST की परवाह नहीं की। 90 के दशक से पहले कांग्रेस OBC आरक्षण यानी बक्षीपंच को आरक्षण की भी पक्षधर नहीं थी। बरसों से OBC समाज कहता रहा कि OBC कमीशन को, बक्षीपंच आयोग को संवैधानिक दर्जा मिले। कांग्रेस ने उनकी एक नहीं सुनी। कांग्रेस ने कभी समझा ही नहीं कि हमारे देश में आदिवासी समाज भी है। इतने साल तक कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बनाया। भाजपा सरकार ने आदिवासियों के अलग मंत्रालय और अलग बजट बनाया।

वोट जिहाद पर पीएम बोले- INDI गठबंधन ने अपनी स्ट्रेटजी का किया खुलासा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की भतीजी मारिया आलम खान के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन के एक नेता ने देश के सामने अपनी रणनीति उजागर कर दी है। INDI गठबंधन ने मुसलमानों से वोट जिहाद के लिए जाने को कहा है। जिसने यह बयान दिया वह एक शिक्षित परिवार से आती हैं, किसी मदरसे से निकले बच्ची नहीं हैं। INDI गठबंधन कह रहा है कि सभी मुसलमानों को एक साथ आना चाहिए और वोट देना चाहिए।

पीएम ने कहा कि INDI गठबंधन ने लोकतंत्र और संविधान का अपमान किया है। कांग्रेस का कोई भी नेता अभी तक नहीं आया है इस बयान का विरोध करें। उन्होंने अपनी मौन सहमति दे दी है। एक तरफ, INDI गठबंधन SC, ST, ओबीसी और सामान्य श्रेणियों को विभाजित करने की कोशिश कर रहा है, दूसरी तरफ, वे वोट जिहाद का नारा लगा रहे हैं उनके इरादे खतरनाक हैं। 

5379487