Rahul Gandhi Bharat Nyay Yatra: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी एक बार फिर यात्रा पर निकलने वाले हैं। अपनी पिछली भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) की तर्ज पर राहुल गांधी पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से एक आउटरीच प्रोग्रम शुरू करेंगे। वे 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा (Bharat Nyay Yatra) की शुरुआत करेंगे, जिसका समापन 20 मार्च को मुंबई में होगा। 

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 65 दिनों की यात्रा के दौरान राहुल गांधी 14 राज्यों और 85 जिलों से गुजरेंगे। पूरी यात्रा 6200 किमी की होगी। मणिपुर से शुरू होने वाली यात्रा में नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात जैसे राज्य पड़ेंगे और 20 मार्च को महाराष्ट्र के मुंबई में समाप्त होगी। 

इस बार बस से यात्रा करेंगे राहुल गांधी
केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने सर्वसम्मति से राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक यात्रा निकालने का सुझाव दिया था। जिसे उन्होंने स्वीकार किया। इसके बाद मणिपुर से मुंबई तक भारतीय न्याय यात्रा निकालने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तैयारी शुरू कर दी है। 

महासचिव ने कहा कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा से काफी शानदार अनुभव मिला था। वे अनुभव इस यात्रा में काम आएंगे। इस यात्रा युवाओं, महिलाओं और वंचित लोगों से बातचीत की जाएगी। हालांकि भारत जोड़ो यात्रा से अलग राहुल गांधी पूरा सफर बस के जरिए तय करेंगे। अलग-अलग पड़ावों पर वे पैदल मार्च भी करेंगे। 

खड़गे इम्फाल में दिखाएंगे हरी झंडी
इस यात्रा को 14 जनवरी को इम्फाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हरी झंडी दिखाएंगे। महासचिव ने मणिपुर में अशांति का जिक्र करते हुए कहा कि मणिपुर के बिना हम यात्रा कैसे कर सकते हैं? हमें मणिपुर के लोगों के दर्द पर मरहम लगाने की कोशिश करनी होगी। 

28 दिसंबर को नागपुर में जुटेंगे कांग्रेसी नेता
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि 28 दिसंबर गुरुवार को कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस है। इसके तहत नागपुर में 'हैं तैयार हम' रैली का आयोजन किया गया है। सभी राज्यों से कांग्रेस पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।