Sam Pitroda on China: कांग्रेस नेता और गांधी परिवार के करीबी सैम पित्रोदा ने अपने बयान से फिर पार्टी को मुश्किल में डाल दिया। सोमवार (17 फरवरी) को चीन पर विवादित बयान दिया है। कहा, चीन हमारा दुश्मन नहीं है। भारत को उसके प्रति नजरिया बदलना होगा। पित्रोदा के इस बयान की बीजेपी ने कड़ी अलोचना की है।
सैम पित्रोदा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन हैं। सोमवार (17 फरवरी) को उन्होंने न्यूज एजेंसी IANS को इंटरव्यू दिया। इस दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, 'चीन को दुश्मन मानने की बजाय उसे सम्मान देना चाहिए। हम सबको साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। चीन के प्रति भारत को अपने नजरिए में बदलाव लाना होगा।
हमें अपना पैटर्न बदलना होगा
सैम पित्रोदा ने इंटरव्यू में कहा, भारत का रवैया पहले दिन से टकराव वाला है, जिससे दुश्मनी पैदा होती है। हमें इस पैटर्न को बदलना होगा। चीन को दुश्मन मानने की बजाय उसके साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। सिर्फ चीन ही नहीं बल्कि किसी भी देश के प्रति ऐसा रवैया ठीक नहीं है।
कमांड और कंट्रोल की मानसिकता छोडे़ें
सैम पित्रोदा ने कहा, भारत को कमांड और कंट्रोल की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। साथ ही यह भी समझाना और पहचानना होगा कि चीन चारों दिशा में बढ़ रहा है। उसके प्रति टकराव की भावना छोड़कर सीखने, संवाद और सहयोग की भावना से काम करना चाहिए।
बढ़ानी होगी विकास दर
सैम पित्रोदा ने बताया कि आज सभी देश आगे बढ़ रहे हैं। कुछ तेजी से ग्रोथ कर रहे हैं तो कुछ की विकास दर धीमी है। जो देश बहुत गरीब हैं, उन्हें अपनी विकास दर बढ़ानी होगी। विकासशील देशों की आबादी अभी युवा है। जबकि, संपन्न और विकसित देशों की आबादी बुजुर्ग हो रही है। हमें इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
विदेश नीति पर उठाए सवाल
सैम पित्रोदा ने भारत और अमेरिका की विदेश नीति पर भी अपनी राय रखी। कहा, भारत को अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। साथ ही पड़ोसी देशों के साथ सकारात्मक संबंध बनाने पर जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा, अमेरिका दुश्मन को डिफाइन करता है। इससे बाकी देशों के बीच तनाव बढ़ता है।
BJP ने बताया शहीदों का अपमान
- भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कान्फ्रेंस कर सैम पित्रोदा के बयान की निंदा की है। कहा, सैम पित्रोदा ने चीन की सत्तारूढ़ पार्टी के साथ कांग्रेस के समझौते को खुले तौर पर स्वीकार किया है। भारत की प्रतिष्ठा के लिए यह झटका है। वह भारत को हमलावर बता रहे हैं।
- सुधांशु ने कहा, सैम पित्रोदा का यह बयान कांग्रेस पार्टी का चीन के साथ हुए समझौते की अभिव्यक्ति है। सैम पित्रोदा जिस तरह टिप्पणी कर रहे हैं, वह भारत की पहचान, कूटनीति और संप्रभुता पर गहरा आघात है।
- सुधांशु त्रिवेदी ने सैम पित्रोदा के इस बयान को भारतीय सेना के बलिदान का अपमान बताया है। कहा, गलवान घाटी में हमारे 20 जवान शहीद हो गए और कांग्रेस के नेता ऐसी भाषा बोल रहे हैं।
कांग्रेस ने सैम पित्रोदा के बयान से झाड़ा पल्ला
- कांग्रेस ने सैम पित्रोदा द्वारा की चीन पर की गई टिप्पणी को उनकी व्यक्तिगत बयान बताया है। पार्टी के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, सैम पित्रोदा का यह बयान पार्टी के विचार से मेल नहीं खाते। चीन हमारी विदेश नीति, बाहरी सुरक्षा और आर्थिक चुनौती है।
- कांग्रेस ने चीन के प्रति मोदी सरकार के दृष्टिकोण पर बार-बार सवाल उठाए हैं। 19 जून, 2020 को पीएम मोदी द्वारा चीन को क्लीन चिट देने की भी अलोचना किया है।
- चीन पर कांग्रेस ने 28 जनवरी, 2025 को जो बात कही थी, उस पर हमारी पार्टी आज भी अडिग है। हमें इस बात का भी दुख है कि चीन की स्थिति पर चर्चा और इन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए संसद में मौका नहीं दिया गया।