Logo
Aaj ka Mausam: भारत (India) में आज का मौसम (बुधवार, 12 मार्च) को कैसा रहेगा। मध्य प्रदेश के कई जिलों में तापमान 39° के पार चला गया। राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में पारा 38 डिग्री के पार हो गया। उत्तर प्रदेश में सूरज के तेवर तीखे हैं।

Aaj ka Mausam: भारत (India) में आज का मौसम (बुधवार, 12 मार्च) को कैसा रहेगा। गर्मी का असर दिखने लगा है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में टेंपरेचर 39° के पार चला गया। राजस्थान के बाड़मेर और जालोर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में तापमान 38 डिग्री के पार हो गया। अगले 4 दिन तक पारे में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में सूरज के तेवर तीखे हैं। दिन का पारा 38.6 डिग्री के पार हो गया है। 15 मार्च को कई जिलों में बूंदाबांदी के संकेत हैं। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट है। 

मध्यप्रदेश: गर्मी का पारा 39 डिग्री के पार 
मध्य प्रदेश में गर्मी पड़ने लगी है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग सबसे ज्यादा गर्म रहे। मंगलवार को धार सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 39.1 डिग्री रहा। नर्मदापुरम में तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह रतलाम में 38.5 डिग्री, खजुराहो में 38.4 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री, दमोह में 37.5 डिग्री, मंडला, शिवपुरी-सिवनी में 37.2 डिग्री और सागर में पारा 37.1 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर और उज्जैन में तापमान 37.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में 37.3 डिग्री और भोपाल में 37.1 डिग्री रहा। 

छत्तीसगढ़: अगले 4 दिन और बढ़ेगा पारा 
छत्तीसगढ़ में गर्मी बढ़ गई है। मंगलवार को राजनांदगांव में तापमान 38 डिग्री के पार हो गया। रायपुर और बिलासपुर में पारा 37 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक पारे में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। रायपुर, दुर्ग और आस-पास के जिलों में आज और कल अधिकतम तापमान 38 डिग्री से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 

उत्तर प्रदेश: कड़ी धूप, पारा 38 डिग्री पार 
उत्तर प्रदेश में कड़ी धूप है। झांसी में मंगलवार को सर्वाधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हमीरपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14 और 15 मार्च को प्रदेश के तराई और उत्तरी पश्चिमी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 15 मार्च को प्रदेश के पूर्वी-तराई इलाकों समेत राजधानी से सटे कानपुर में भी बादलों संग बूंदाबांदी के संकेत हैं।

दिल्ली: चिलचिलाती धूप और गर्मी 
दिल्ली में गर्मी बढ़ गई है। दिन में चिलचिलाती धूप है। सुबह और शाम को गर्मी से थोड़ी राहत है। मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 अप्रैल को हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही दोनों दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।  

राजस्थान: बाड़मेर और जालोर में हीटवेव 
राजस्थान में पारा आसमान छूने लगा है। बाड़मेर और जालोर हीटवेव (लू) की चपेट में हैं। बुधवार भी बाड़मेर और जालोर के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी लू से निपटने के सभी इंतजाम रखने के जिलों को निर्देश दिए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान में सबसे ज्यादा तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर का रहा।  जोधपुर, चित्तौड़गढ़, सिरोही, डूंगरपुर, पाली में भी कल तेज गर्मी रही। यहां दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 13 मार्च से मौसम बदलेगा।  मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च को बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। 

हिमाचल: बारिश और बर्फबारी का अलर्ट 
हिमाचल प्रदेश में  हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। 14 मार्च को लाहौल और स्पीति जिले में भारी बर्फबारी की चेतावनी है।

पंजाब: आज से बदलेगा मौसम 
पंजाब और चंडीगढ़ में 12 मार्च से मौसम बदलेगा। 15 मार्च तक तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 13 और 14 मार्च को कुछ स्थानों पर बिजली और आंधी चलने और बिजली गिरने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से यह स्थिति बन रही है। 

5379487