UP Labourer Attacked J&K: कश्मीर घाटी में एक और गैर-स्थानीय मजदूर पर आतंकियों ने हमला किया है। इस बार हमला दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में हुआ, जहां उत्तर प्रदेश के एक मजदूर को गोली मार दी गई। गुरुवार को त्राल के बटागुंड गांव में उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी मजदूर शुभम कुमार पर आतंकियों ने गोलीबारी की। पुलिस के मुताबिक, शुभम के बांह में गोली लगी है। घायल शुभम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

एक हफ्ते में तीसरा ऐसा हमला 
यह घटना एक हफ्ते में तीसरी बार हुई है जब कश्मीर में गैर-स्थानीय मजदूरों पर हमला किया गया है। इससे पहले गंदेरबल और शोपियां में भी ऐसे ही हमले हुए थे। रविवार को गंदेरबल जिले के एक निर्माण स्थल पर हुए आतंकी हमले में छह गैर-स्थानीय मजदूर और एक स्थानीय डॉक्टर की हत्या कर दी गई थी। 

गांदरबल में निर्माण स्थल पर हमला
गांदरबल में हमला तब हुआ जब सात लोग ज़-मोहर सुरंग के निर्माण कार्य में लगे थे। हमला एक अमेरिकी M4 कार्बाइन और AK-47 से लैस आतंकियों ने किया था। ये आतंकी सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए, जहां उन्हें 7 मिनट तक मजदूरों के कैंप में देखा गया। 

शोपियां में बिहार के मजदूर की हत्या 
इससे पहले, 18 अक्टूबर को शोपियां जिले में बिहार के मजदूर अशोक कुमार चव्हाण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चव्हाण की गोलियों से छलनी लाश ज़ैनपोरा के वाची इलाके से बरामद की गई थी। यह घटना जम्मू-कश्मीर में गैर-स्थानीय नागरिकों पर बढ़ते आतंकवादी हमलों का ताजा उदाहरण है। 

जम्मू-कश्मीर में बढ़े आतंकी हमले 
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ महीनों से गैर-स्थानीय मजदूरों पर हमले बढ़ हैं। इन हमलों के बाद घाटी में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में कई जगहों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। कश्मीर में गैर-स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।