Logo
Weather update: भारत के कई राज्यों में तेज बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। मुंबई में रेलवे ट्रैक डूब गया। कई ट्रेनें कैंसिल कर दी गईं। यूपी के पीलीभीत में तेज बहाव में रेलवे ट्रैक बह गया। हिमाचल में 76 सड़कें बंद हो गई हैं। जानें देशभर में मौसम के हालात।

Weather update: भारत में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। देश कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, यूपी, एमपी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई में पिछले छह घंटों में 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। बारिश से रेलवे ट्रैक डूब गया। पानी भरने से मुंबई डिवीजन की पांच ट्रेनें कैंसिल कर दी गई हैं। जानें देशभर में मौसम के हालात।

महाराष्ट्र: मुंबई में ट्रेनें कैंसिल, स्कूलों की छुट्टी, उड़ानें रद्द
महाराष्ट्र के कई शहरों में तेज बारिश हो रही है। मुंबई में रविवार देर रात 1 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। तेज पानी गिरने से कई इलाकों में जलभराव हो गया। रेलवे ट्रेक पर पानी भरने से मुंबई डिवीजन की 5 ट्रेनें कैंसिल कर दी गईं। मुंबई में BMC ने सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में आज छुट्टी घोषित कर दी है। रायगढ़ फोर्ट में सोमवार सुबह 3 बजे से तेज बारिश हो रही है। इस कारण फोर्ट की सीढ़ी पर तेज रफ्तार से पानी बह रहा है। कई पर्यटक फोर्ट में ऊपर ही फंसे हुए हैं। बारिश के कारण 50 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। 

सीएम बोले-600 पंपों से पानी निकाला जा रहा 
मुंबई में हुई बारिश पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कल रात से मुंबई में 300 मिमी बारिश हुई। रेलवे के 200 पंप और बीएमसी के 400 से अधिक पंपों का इस्तेमाल पानी निकालने के लिए किया जा रहा है। सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर ट्रेनें फिर से शुरू हो गई हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारी, सेना, नौसेना और वायु सेना अलर्ट पर हैं।

जानें किस राज्यों में बारिश से कितनी तबाही
उत्तरप्रदेश के अच्छी बारिश हो रही है। मुरादाबाद में बारिश से सड़कों पर नाव चलने लगी है। पीलीभीत में तेज बहाव में रेलवे ट्रैक बह गया। रेलवे ने इस रूट पर सभी ट्रेनों को रोक दिया। हिमाचल में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से 76 सड़कें बंद हो गई हैं। उत्तराखंड में गंगा समेत 6 नदियां खतरे के निशान पर। ऋषिकेश में 600 श्रद्धालु फंसे हैं। असम में 22 लाख लोग बाढ़ में फंसे हैं। 8 लोगों की मौत हो चुकी है। गोवा में सत्तारी वाटरफॉल पर फंसे 80 लोग का रेस्क्यू किया गया है। स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। 

एमपी में भारी बारिश, गोवा-पश्चिम बंगाल में बाढ़ जैसे हालात 
एमपी के ग्वालियर-चंबल में चौथे दिन भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल में करीब डेढ़ घंटे बारिश हुई। शिवपुरी के चितौरा गांव में बारिश का पानी घरों में घुस गया। भिंड के मेहगांव क्षेत्र में बैसली नदी तीन दिन से उफान पर है। गोवा के सत्तारी तालुका में पाली झरने पर 80 लोग फंस गए थे, जिन्हें रविवार रेस्क्यू किया गया। शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी स्कूलों में सोमवार की छुट्‌टी का ऐलान किया है। पश्चिम बंगाल के हिमालय की तराई वाले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।  

बिहार में गाज गिरने से 12 की मौत 
बिहार में एक सप्ताह से झमाझम बारिश हो रही है। नेपाल में भी भारी बारिश हो रही है। गंडक, कोसी समेत कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। सुपौल, बगहा और बेतिया में बाढ़ जैसे हालात हैं। 24 घंटे में बिहार के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 17 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है।  

5379487