Uday Bhanu Chib : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के बीच कांग्रेस ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने रविवार 22 सितंबर को जम्मू कश्मीर से संबंध रखने वाले उदय भानु चिब को यूथ कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। अब उदय भानु चिब श्रीनिवास बीवी की जगह लेंगे। 

उदय भानु चिब जम्मू-कश्मीर के दूसरे ऐसे नेता हैं, जिन्हें कांग्रेस की युवा विंग का प्रमुख बनाया गया है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के गुलाम नबी आजाद ही यूथ कांग्रेस के प्रमुख बने थे। उदय भानु चिब की नियुक्ति जम्मू-कश्मीर में चल रहे विधानसभा चुनावों के बीच हुई है। इससे पहले उदय भानु राज्य युवा कांग्रेस की इकाई के प्रमुख थे। फिलहाल उदय भानु चिब भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव पद पर हैं।

कैसी रही चिब की राजनीतिक पारी?
उदय भानु चिब ने अपना राजनीतिक करियर कांग्रेस के यूथ संगठन एनएसयूआई के सदस्य के रूप में शुरू किया। बाद में वह जम्मू कश्मीर एनएसयूआई के अध्यक्ष बने। इसके बाद कांग्रेस के लिए काम करते हुए चिब को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में जगह मिली। पार्टी ने इन्हें एनएसयूआई की राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया। फिर उदय भानु को जम्मू कश्मीर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस पद पर लबीं पारी खेलते हुए पार्टी ने उन्हें युवा कांग्रेस का महासचिव बनाया गया। पार्टी के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने अब उन्हें  यूथ कांग्रेस के नया अध्यक्ष बनाया है।
  
आपको बता दें कि चिब जम्मू-कश्मीर चुनावों के लिए कांग्रेस की घोषणापत्र समिति का भी हिस्सा रहे हैं। चिब जम्मू के पलौड़ा इलाके से आते हैं और कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के पुत्र हैं। शुक्रवार को उदय भानु चिब ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की थी। जिसमें उन्होंने लिखा था, "मेरे नेता राहुल गांधी जी के साथ एक यादगार मुलाकात! सामाजिक न्याय के लिए आपका संघर्ष और दृढ़ता हम सभी के लिए प्रेरणा है।

जम्मू नॉर्थ सीट से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे चिब
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उदय भानु जम्मू नॉर्थ सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। इसी बीच आज उनके नाम का ऐलान हो गया। हालांकि इस सीट पर कांग्रेस ने अजय कुमार सधोत्रा को टिकट दे दिया। वह पिछले साल राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में दिखे थे।

यह भी पढ़ें :  PM Modi US Event: PM मोदी रात 9.30 बजे न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे, पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे भारतीय