Logo
हर हिंदू घर में तुलसी का पौधा लगाया जाता है, जिसकी नियमित रूप से पूजा की जाती है। घर में तुलसी का पौधा लगाना शुभ होता है।

(कीर्ति राजपूत)

Which Tulsi is Auspicious For Home : हिन्दू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद शुभ माना गया है। इसके अलावा आयुर्वेद में भी तुलसी के पौधे को एक चमत्कारी औषधीय पौधा कहा जाता है। तुलसी का पौधा वास्तु के अनुसार यदि सही दिशा में लगाए जाए, तो सदैव समृद्धि आती है। सभी प्रकार की पूजा पाठ और यज्ञ, अनुष्ठानों में तुलसी की पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है। प्रमुख रूप से भगवान विष्णु की पूजा के दौरान तुलसी की पत्तियों का प्रयोग किया जाता है। तुलसी दो प्रकार की होती है, एक रामा तुलसी और दूसरी श्यामा तुलसी। कई बार असमंजस की स्थिति आती है कि घर में कौन सी तुलसी लगाना सर्वोत्तम होता है। आईए जानते हैं भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा से.

घर के लिए कौन सी तुलसी है शुभ
आम तौर पर दो तरह की तुलसी के पौधे ही पाए जाते हैं, रामा और श्यामा तुलसी। वास्तु शास्त्र मानता है कि घर पर रामा तुलसी का पौधा लगाना बेहद शुभ होता है। ये सभी प्रकार की तुलसी के पौधों में सबसे पवित्र माना जाता है। रामा तुलसी हलके हरे रंग की होती है, और इसका स्वाद थोड़ा सा मीठा होता है। आयुर्वेद में भी रामा तुलसी का विशेष महत्व है। वास्तु शास्त्र मानता है कि रामा तुलसी के पौधे को घर की उत्तर पूर्व दिशा में लगाना सही होता है। यह पौधा नकारात्मक ऊर्जा को घर में प्रवेश नहीं करने देता है।

श्यामा तुलसी भी लगाई जा सकती है
गहरे हरे रंग या बैंगनी रंग की तुलसी को श्यामा तुलसी कहा जाता है। इस तुलसी का उपयोग भगवान विष्णु की पूजा में किया जाता है। इसके कारण घर में श्यामा तुलसी भी लगायी जा सकती है। इस तुलसी का इस्तेमाल औषधीय रूप में करना बेहद लाभदायक होता है।

तुलसी के पौधे के लिए वास्तु नियम
सनातन धर्म में तुलसी को एक पूजनीय पौधा मनाया जाता है। तुलसी के पौधे में साक्षात माता लक्ष्मी का वास होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार तुलसी के पौधे को घर के आंगन में किसी ऊंची जगह पर लगाना बेहद शुभ होता है। घर में इस पौधे की उपस्थिति ना सिर्फ़ नकारात्मकता को खत्म करती है, बल्कि घर में सकारात्मक वातावरण बनाने में सहयोगी भी होती है। मान्यताओं के अनुसार नियमित रूप से तुलसी के पौधे में जल देने और दीपक जलाने और मंत्रों का जाप करने से घर में सदैव खुशहाली बनी रहती है।

तुलसी के पौधे को घर में लगाने के वास्तु लाभ
तुलसी का पौधा विभिन्न प्रकार से औषधीय रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा इसके अन्य वास्तु और ज्योतिष लाभ भी हैं। माना जाता है कि तुलसी का पौधा घर में लगाने से भगवान विष्णु की कृपा सदैव बनी रहती है, और ऐसे घर की आर्थिक स्थिति भी अच्छी होती है। वैवाहिक जीवन में आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए भी तुलसी के पौधे को घर में लगाकर उसकी नियमित पूजा करने की सलाह दी जाती है। ऐसा भी माना गया है कि तुलसी का पौधा घर में लगाने से ही परिवार में सुख समृद्धि आती है।

5379487