sri lanka vs australia: श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दूसरा वनडे खेला जा रहा। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की और तीन नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे कुसल मेंडिस ने अपना पांचवां वनडे शतक ठोका। मेंडिस ने 113 गेंद में सेंचुरी पूरी की। उन्होंने इस दौरान 11 चौके जमाए। मेंडिस ने श्रीलंका की पारी के 43वें ओवर में आरोन हार्डी की गेंद पर 1 रन लेकर अपना शतक पूरा किया।
शतक पूरा करते ही मेंडिस ने हेलमेट उतारकर दर्शकों और अपने साथियों का अभिवादन स्वीकार किया। स्टेडियम में मौजूद फैंस और श्रीलंकाई ड्रेसिंग रूम में बैठे खिलाड़ियों ने इस खास लम्हे पर जोरदार तालियां बजाकर उनकी पारी का सम्मान किया। हालांकि, शतक पूरा करते ही मेंडिस आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने 115 गेंद में 101 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 11 चौके जमाए।
यह वनडे क्रिकेट में मेंडिस का पांचवां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 15वां शतक था। श्रीलंका को पहला झटका 15 रन के स्कोर पर लग था। पाथुम निसांका को हार्डी ने बोल्ड कर दिया था। इसके बाद 3 नंबर पर मेंडिस बैटिंग के लिए उतरे और उन्होंने निशान मधुश्का के साथ दूसरे विकेट के लिए 98 रन जोड़े। मधुश्का 70 गेंद में 51 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। इसके बाद कामिंदु मेंडिस भी 4 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए। लेकिन, कुसल मेंडिस एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने कप्तान चरिथ असालंका के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की और श्रीलंका को 200 रन के पार पहुंचा दिया।
कुसल मेंडिस के आउट होने के बाद असालंका ने अपना अर्धशतक पूरा किया। श्रीलंका ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 281 रन बनाए। असालंका ने 66 गेंद में नाबाद 78 रन बनाए। जनिथ लियानागे ने 21 गेंद में नाबाद 2 रन ठोके।