Logo

ms dhoni stumping video: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर दिखा दिया कि उम्र सिर्फ आंकड़ा भर है। रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए IPL मुकाबले में धोनी ने बिजली-सी तेज रिफ्लेक्स से सूर्यकुमार यादव को महज 0.12 सेकेंड में स्टंप कर सबको चौंका दिया। 

एमएस धोनी की इस शानदार विकेटकीपिंग के कायल सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि दिग्गज खिलाड़ी भी हो गए। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन, जो खुद धोनी के साथ CSK में खेल चुके हैं, उन्होंने माही की तारीफ करते हुए कहा, 'धोनी अब भी फॉर्म में हैं। उनकी टाइमिंग, हाथ और गेंद पर नजरें कमाल की हैं। नूर अहमद की लेग साइड पर जाती गेंद को पकड़कर उन्होंने जो स्टंपिंग की, वो बेहद कमाल की थी।'

धोनी ने कैसे किया सूर्या को आउट?
मैच के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की 51 रन की साझेदारी मुंबई इंडियंस को मजबूती दे रही थी। तभी नूर अहमद की गेंद धोनी के पास आई, जो लेग साइड की तरफ थी। सूर्या का संतुलन हल्का सा गड़बड़ाया और धोनी ने पलक झपकते ही बेल्स को हवा में उड़ा दिया। ये विकेट मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और मुंबई की टीम 155 रन पर ही सिमट गई। CSK ने यह मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया।

नूर अहमद और पीयूष चावला ने क्या कहा?
मैच के बाद गेंदबाज नूर अहमद ने भी धोनी की तारीफ करते हुए कहा, 'महेंद्र सिंह धोनी भाई जैसे विकेट के पीछे हों तो गेंदबाज का आत्मविश्वास दोगुना हो जाता है। उनका स्टंपिंग तो कमाल का था।'

वहीं, पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला ने खुलासा किया कि धोनी किसी नए गेंदबाज के साथ प्रैक्टिस सेशन में खासतौर पर स्टंपिंग की प्रैक्टिस करते हैं। चावला बोले, 'अगर धोनी किसी नए wrist spinner के साथ खेल रहे हैं, तो वो उसे खासतौर पर बुलाकर 10-12 गेंदों की कीपिंग प्रैक्टिस करते हैं ताकि गेंदबाज की ग्रिप और बॉलिंग स्टाइल को समझ सकें।'

उम्र को मात दे रहे धोनी
धोनी भले ही 43 साल के हो चुके हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट से 6 साल पहले रिटायर हो चुके हैं, लेकिन उनकी फिटनेस और गेम सेंस आज भी टॉप लेवल का है। पांच बार CSK को खिताब दिला चुके धोनी IPL 2025 में भी बतौर खिलाड़ी अपना जलवा कायम रखे हुए हैं।