Logo
IND vs ENG 5th Test Day 1 Highlights : भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में पांचवां और आखिरी टेस्ट खेला जा रहा। इंग्लैंड की पहली पारी 218 रन पर खत्म हुई। इसके जवाब में भारत ने पहले दिन स्टम्प्स पर 1 विकेट के नुकसान पर 135 रन बना लिए। अब भारत इंग्लैंड से 83 रन पीछे है।

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में पांचवां और आखिरी टेस्ट खेला जा रहा। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। इससे पहले, इंग्लैंड पहली पारी में 218 रन पर ऑल आउट हो गया था। इस हिसाब से भारत अभी भी इंग्लैंड से 83 रन पीछे है। कप्तान रोहित शर्मा (52) और शुभमन गिल (26) नाबाद हैं। भारत को इकलौता झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा है। वो 58 गेंद में 57 रन बनाकर की पारी खेलकर आउट हुए। उनका विकेट शोएब बशीर ने झटका। 

इससे पहले इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 218 रन पर ढेर हो गई थी। कुलदीप यादव ने सबसे अधिक 5 विकेट झटके थे। वहीं, 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने भी 4 शिकार किए। इंग्लैंड की तरफ से जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए थे। इसके अलावा रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। यानी इंग्लैंड के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने लिए। 

कुलदीप ने 5 विकेट लिए
कुलदीप ने चौथी बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने इंग्लैंड के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। कुलदीप ने टेस्ट क्रिकेट में 50 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। ये उनका 12वां टेस्ट है। 

इंग्लैंड ने लंच से पहले 2 विकेट गंवाए थे
इससे पहले, इंग्लैंड के लिए जैक क्राउली और बेन डकेट ने पारी की शुरुआत की थी। इंग्लैंड को 64 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था। कुलदीप यादव की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में बेन डकेट कैच आउट हो गए थे। इंग्लैंड को 100 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा और इस विकेट के गिरने के साथ ही अंपायर ने लंच लेने का फैसला कर लिया था।  

इंग्लैंड ने पहली पारी में 218 रन बनाए
लंच के बाद इंग्लैंड के विकेट ताश के पत्तों की तरह गिरने लगे और टी ब्रेक के बाद पूरी टीम 218 रन पर ढेर हो गई। लंच के बाद इंग्लैंड ने 13 रन के भीतर ही बिना रन बनाए अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। इसमें बेन स्टोक्स, जो रूट और जॉनी बेयरस्टो शामिल हैं। बेन स्टोक्स को कुलदीप यादव ने आउट किया। स्टोक्स से पहले जो रूट (26), जॉनी बेयरस्टो (29), जैक क्राउली (79) आउट हुए। ये तीनों ही विकेट कुलदीप की झोली में आए। 

इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान बुधवार को ही कर दिया था। ओली रॉबिन्सन की जगह मार्क वुड टीम में आए हैं। वहीं, भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल डेब्यू कर रहे। उन्हें रजत पाटीदार की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। रजत को चोट लग गई थी। रविचंद्रन अश्विन का यह 100वां टेस्ट है।

कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि टीम में 2 बदलाव हैं। पडिक्कल के अलावा जसप्रीत बुमराह का कमबैक हुआ है। उन्हें आकाश दीप की जगह शामिल किया गया है। रोहित ने बताया कि रजत को बुधवार शाम को अभ्यास करते हुए चोट लग गई थी। रोहित ने अश्विन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 100वां टेस्ट खेलना बड़ी उपलब्धि है। वो हमारे मैच विनर खिलाड़ी हैं। पिछले 5 सालों में उन्होंने हर सीरीज में अपना रोल निभाया है। बतौर कप्तान मैंने उन्हें अंडर-19, दिनों से देखा है। वो तब ओपनिंग करते थे और बाद में गेंदबाजी शुरू की। मैं भी उस वक्त ऑफ स्पिनर था और बाद में बैटर बन गया। 
IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, सरफराज खान, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), शोएब बशीर, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन।

CH Govt hbm ad
5379487