Logo
WPL 2024, DCW vs MIW, DC vs MI: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 12वें मैच में मंगलवार को मुंबई इंडियंस (MIW) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 29 रन से हराया।

WPL 2024, DCW vs MIW, DC vs MI: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 12वें मुकाबले में मंगलवार को मुंबई इंडियंस (MIW) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 29 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए। कप्तान मेग लैनिंग (53) और जेमिमा रोड्रिग्स (69*) ने अर्धशतक लगाया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने मुंबई से पिछली हार का बदला ले लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए जेमिमा रोड्रिग्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शुरुआत से ही लड़खड़ा गई मुंबई
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर मारिज़ैन काप ने यास्तिका भाटिया (6) को बोल्ड किया। दूसरे ओवर की पहली गेंद पर शिखा पांडे ने नेट साइवर-ब्रंट (5) को बोल्ड किया। चोट के बाद वापसी करने वाली हरमनप्रीत कौर भी कुछ खास नहीं कर सकीं और तीसरे ओवर में मारिज़ैन काप का शिकार बनीं। हरमनप्रीत ने 6 गेंदों पर 6 रन बनाए। पावरप्ले के आखिरी ओवर में मुंबई इंडियंस को एक और झटका लगा। सलामी बल्लेबाज हेली मैथ्यूज ने एलिस कैप्सी को कैच थमाया। हेली ने 17 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 29 रन बनाए। 

एक-एक कर गिरते रहे विकेट
9वें ओवर की 5वीं गेंद पर मुंबई इंडियंस का 5वां विकेट गिरा। अमेलिया केर ने 20 गेंदों पर 17 रन की पारी खेली। तितास साधु की गेंद पर जेमिमाह रोड्रिग्स ने उनका कैच लपका। पूजा वस्त्राकर और अमनजोत कौर ने छठे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। 16वें ओवर की पहली गेंद पर जेस जोनासेन ने अमनजोत कौर को बोल्ड किया। कौर ने 7 चौकों की बदौलत 27 गेंदों पर 42 रन बनाए। 18वें ओवर में पूजा वस्त्राकर स्टंपिंग आउट हुईं। उन्होंने 22 गेंदों पर 17 रन बनाए। 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर जेस जोनासेन ने हुमैरा काजी (6) को बोल्ड किया। एस सजना 14 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जेस जोनासेन को 3 सफलताएं मिलीं। उनके अलावा  मारिज़ैन काप को 2 और शिखा पांडे, तितास साधु, राधा यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

मेग लैनिंग ने जड़ी फिफ्टी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 27 गेंदों पर 48 रन जोड़े। शबनम इस्माइल ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने शेफाली वर्मा को यास्तिका भाटिया के हाथों कैच आउट कराया। शेफाली ने 12 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के जड़े। इसके बाद कप्तान मेग लैनिंग ने एलिस कैप्सी के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़े। 10वें ओवर में हेली मैथ्यूज ने एलिस कैप्सी को बोल्ड किया। कैप्सी ने 3 चौकों की मदद से 20 गेंदों पर 19 रन की पारी खेली।

जेमिमाह रोड्रिग्स की तूफानी पारी
शानदार बल्लेबाजी कर रहीं दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर अमेलिया केर को कैच थमा बैठीं। उन्होंने 6 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 38 गेंदों पर 53 रन बनाए। पूजा वस्त्राकर ने उन्हें अपना शिकार बनाया। 151 के स्कोर पर साइका इशाक ने मारिजैन काप को बोल्ड किया। काप ने 12 गेंदों पर 11 रन बनाए। जेमिमाह रोड्रिग्स 33 गेंदों पर 69 रन और जेस जोनासेन 4 रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई इंडियंस की ओर से शबनीम इस्माइल, साइका इशाक, पूजा वस्त्राकर और हेली मैथ्यूज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें: WPL 2024, GG vs RCBW: गुजरात जायंट्स के पास पिछली हार का बदला लेने का मौका, जानिए मैच से जुड़ी A To Z जानकारी

CH Govt hbm ad
5379487