Logo
Nawada Dalit Basti Firing and Arson: बिहार में नवादा जिले के कृष्णा नगर गांव में बुधवार, 18 सितंबर को दबंगों ने दलित बस्ती फूंक दी। जमीनी विवाद के चलते हुई आगजनी की इस घटना में शामिल 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

Nawada Dalit Basti Firing and Arson: बिहार के नवादा जिले में दबंगों ने एक बस्ती में आग लगा दी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर गांव में आगजनी की इस घटना से 80 परिवारों के घर खाक हो गए। बदमाशों ने इस दौरान करीब 50 राउंड फायरिंग कर जमकर उत्पात मचाया। उनके इस तांडव से बस्ती में दहशत का महौल है। फिलहाल, पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

वीडियो देखें

आगजनी की इस घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। सरकारी जमीन पर बसी इस बस्ती को दबंग कब्जा करना चाहते हैं। पहले भी कई बार उन्होंने बस्ती खाली करने की हिदायत दी थी। फिलहाल, मामले की जांच चल रही है। 

स्थानीय परिवारों ने बताया, बुधवार को 100 दबंग अचानक बस्ती में पहुंचे और फायरिंग करने लगे। फायरिंग से दहशत फैल गई। लोग घर परिवार छोड़कर भागने लगे। करीब 50 राउंड फायरिंग करने के बाद दबंगों ने बस्ती में आग लगा दी।  

पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम हुई इस घटना में 40-50 घरों में आग लगाई गई है। 21 घरों को नुकसान होने की सूचना मिली है। किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की है, लेकिन कोई कारतूस नहीं मिला। मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शेष की तलाश जारी है। 

एसपी ने बताया, भूमि विवाद के चलते यह वारदात हुई है। जिस जमीन पर बस्ती बसी है, उस पर दूसरे पक्ष का दावा है। फिलहाल, यहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई  है। 

यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में परिवार के 5 लोग नदी में डूबे: मां-बेटे लापता, महुआ धाम जा रहे थे सभी लोग 

डीएम आशुतोष कुमार ने बताया, कृष्णा नगर गांव नदी पर बसा हुआ है। हमने सर्वेक्षण कराया है। करीब 30 घर जले हैं। फिलहाल, जांच जारी है। पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। नवादा सदर के एसडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णानगर में कुछ उपद्रवियों ने करीब 20-25 घरों में आग लगा दी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला ज़मीन का मामला लग रहा है। 

यह भी पढ़ें: लालू परिवार की बढ़ीं मुश्किलें: नौकरी के बदले जमीन मामले में बड़े बेटे तेज प्रताप भी तलब

बसपा प्रमुख मायावती ने X पर पोस्ट कर बिहार की इस घटना पर चिंता जाहिर की है। साथ ही कहा, सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे। साथ ही पीड़ितों को पुनः बसाने की व्यवस्था के लिए आर्थिक मदद करे।

5379487