Logo
शुक्रवार को सीएम विष्णुदेव साय ने गृह विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कई मुद्दों पर फैसले हुए हैं, जिसकी जानकारी गृहमंत्री विजय शर्मा ने दी है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय की शुक्रवार को गृह विभाग की समीक्षा बैठक ली है। बैठक के बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समेत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे समेत कई मुद्दों पर बातचीत की और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, सद्बुद्धि जब आए तब अच्छा होता है।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने बैठक खत्म होने के बाद मिडिया से बातचीत करते हुए बताया कि, सीएम विष्णुदेव साय ने गृह विभाग की समीक्षा बैठक ली है। उन्होंने बताया कि, 21 जनवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ आएंगे और बैठक लेंगे। बैठक में कई विषयों को रखा जाना है, आज उन सभी विषयों पर चर्चा हुई है। सीएम विष्णुदेव नक्सल समस्या को लेकर काफी संजीदा हैं और इसके पहलुओं पर आज चर्चा की गई है। 

जल्द ही लागू होंगे नए कानून 

गृह विभाग की समीक्षा बैठक को लेकर सवाल पूछे जाने पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, अब तक ब्रिटिश संसद से पास हुआ कानून चलता था। लेकिन इस कानून को भारतीय आत्मा के अनुरूप बदलाव कर लोकसभा और राज्यसभा में पारित किया गया है। नए कानून का आज प्रेजेंटेशन हुआ है। छत्तीसगढ़ में नए जल्द ही कानून का परिपालन किया जायगा।

कांग्रेस करेगी पूजा-पाठ, शर्मा बोले-चलो सद्बुद्धि तो आई

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा में ना जाने की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने चंदखुरी में सुंदरकांड पाठ का ऐलान लिया है। गृहमंत्री श्री शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि, सद्बुद्धि जब आए तब अच्छा होता है। सुनने में आया है कि, जनवरी में कांग्रेस रामोत्सव मनाएगी जिसको लेकर वे हर जिला मुख्यालय में हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। PCC चीफ दीपक बैज ने हमें जानकारी दी है कि, चंदखुरी में भी सुन्दर कांड का महापाठ का आयोजन कांग्रेस कर रही है। साथ ही राजधानी रायपुर के कांग्रेस भवन में हनुमान मंदिर में यह कार्यक्रम होगा।

पीएम मोदी की दूरवर्ती सोच की वजह से हुआ संभव- सीएम साय 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारत के तीन नए कानूनों को लेकर कहा कि, भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की दूरदर्शी सोच की वजह से ही ये संभव हो पाया है। श्री साय ने आगे कहा कि, आजादी के इतने वर्ष बाद भी हम अंग्रेजों के बनाए कानून का ही पालन कर रहे हैं जिसे बदलने का समय आ गया है। श्री साय ने कहा है कि समय के साथ परिवर्तन अनिवार्य है और देश, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बेहतर परिवर्तन की ओर अग्रसर है।

डीजीपी ने दी नए कानूनों की जानकारी 

छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने सीएम विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा के सामने नवीन कानूनों के प्रावधानों की प्रस्तुति देते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023, नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। श्री जुनेजा ने बताया कि, नवीन कानून दंड देने की बजाए पीड़ित को न्याय देने की भावना के साथ तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुराने कानून दंड पर आधारित हैं जबकि नए कानून महिला सुरक्षा एवं न्याय पर आधारित हैं।
 

5379487