Logo
डोनेट फॉर न्याय के तहत जो भी कार्यकर्ता 670 रुपए या उससे अधिक दान करेगा तो उन्हें गिफ्ट के रूप में राहुल गांधी की साइन की हुई टी शर्ट दी जाएगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में डोनेट फॉर देश कैंपेन लांच करने के बाद भी कांग्रेस को वित्तीय सहायता मिलती हुई नहीं दिखाई दे रही है. कांग्रेसी नेता और कार्यकर्त्ता ही पार्टी को पैसा नहीं दे रहे हैं। इसी बीच अब पार्टी ने एक नया दांव खेला है। जिसके तहत छत्तीसगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं को तोहफा मिलेगा। तोहफे में राहुल गांधी की साइन की टी शर्ट, बैग, बैच सहित अन्य सामान दिए जाएंगे।

कांग्रेस की कैंपेन डोनेट फॉर न्याय अभियान को सबसे कम डोनेशन छत्तीसगढ़ से ही प्राप्त हुआ है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को मोटिवेट करने के लिए और सीधे राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जोड़ने के लिए इसकी शुरुआत की गई है। जिसके तहत सर्वप्रथम पदाधिकारियों को डोनेशन देने के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत छत्तीसगढ़ के सांसद, पदाधिकारियों, एमआईसी, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशियों और सभी क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों से डोनेशन देने के लिए कहा गया है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने लैटर जारी किया है।

डोनेट करने पर ये मिलेगा 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी से जुड़े तोहफे देने की स्कीम चलाई जा रही है। इसके तहत डोनेट फॉर न्याय के तहत जो भी कार्यकर्ता 670 रुपए या उससे अधिक दान करेगा तो उन्हें गिफ्ट के रूप में राहुल गांधी की साइन की हुई टी शर्ट दी जाएगी। 67000 या उससे अधिक डोनेट करने वाले को न्याय किट मिलेगी। इसमें एक टी-शर्ट, बैग, बैंड, बैच और स्टीकर होंगे। डोनेशन के लिए एक अलग वेबसाइट बनाई है और दान की दर भी तय की गई है। इसमें एक पैसे या 100 रुपए प्रति किमी की दर से दान किया जा सकता है।

मणिपुर से शुरू हुई है यात्रा 

उल्लेखनीय है कि, पिछले महीने से क्राउड फंडिंग अभियान की शुरुआत की गई है। कांग्रेस ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की खातिर पैसा जुटाने के लिए शनिवार को क्राउड फंडिंग कैंपेन शुरू किया है। इसे पार्टी ने ‘डोनेट फॉर न्याय’ नाम दिया है। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 जनवरी को मणिपुर से आरंभ हुई थी। यह यात्रा 6,713 किमी की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। ये यात्रा छत्तीसगढ़ भी पहुंचेगी।​​​​​​

छत्तीसगढ़ में सबसे कम मिला डोनेशन 

वहीं सामने आये आंकड़ों की बात करें तो छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं ने अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय अभियान 'डोनेट फॉर न्याय से दूरी बना ली है। प्रदेश में कांग्रेस के 19.50 लाख से ज्यादा सदस्य और पदाधिकारी हैं, लेकिन डोनेशन सिर्फ 2.9 फीसदी लोगों ने ही दिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज के अनुसार, छत्तीसगढ़ से 37 लाख 32 हजार 444 रुपए डोनेशन सदस्यों ने किया है। अपनी ही पार्टी को फंड देने के नाम पर प्रदेश कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता देश में 12वें नंबर पर हैं। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने इसमें सुधार का दावा किया है।

5379487