Logo
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव पुलिस को सहयोग नहीं कर रहे थे। इस वजह से उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को दिनभर के हाईवोल्टेज सियासी ड्रामे के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की। उनकी गिरफ्तारी पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव पुलिस को सहयोग नहीं कर रहे थे। इस वजह से उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा है। इस घटना में कोई भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। देवेंद्र यादव ने गिरफ्तारी के दौरान सफेद झंडा का सहारा लिया है। वो समाज विशेष को गिरफ्तारी से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की दुर्भावना से कार्रवाई नहीं की गई है। मैं प्रदेश में सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। 

बघेल बोले- दुर्भावनापूर्ण तरीके से हुई कार्रवाई 

उल्लेखनीय है कि, पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस लगातार दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई कर रही है। जबकि, BJP नेता सनम जांगड़े की भूमिका पूरे कार्यक्रम में रही। इसके बावजूद भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में देवेंद्र यादव की कोई भूमिका नहीं थी फिर भी उन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि, पुलिस राजनीतिक दबाव में कार्रवाई न करे। इस मामले में हम विधिक सलाह ले रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी को लेकर हम राजनीतिक लड़ाई भी लड़ेंगे। 

सुबह ही उनके निवास पहुंची थी टीम 

बलौदाबाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। सुबह से ही बलौदाबाजार पुलिस की टीम विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी। गिरफ्तारी से पहले ही युवा कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा है। सभी जिलों में युवा कांग्रेस ने गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला फूंका फूंका।  

युवा कांग्रेस ने फूंका गृहमंत्री का पुतला 

विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में रायपुर के राजीव गांधी चौक में युवा कांग्रेस ने गृहमंत्री विजय शर्मा पुतला फूंका। जहां पुलिस के साथ जमकर झूमाझटकी हुई। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद कश्यप के नेतृत्व में पुतला फूंका गया है। वहीं बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस भी अलर्ट मोड में है. जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 100 से भी अधिक जवानों की तैनाती की गई है।  

सुबह ही घर पर पहुंची पुलिस 

उल्लेखनीय है कि, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर बलौदाबाजार पुलिस पहुंची थी। उनके निवास के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी और पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था। इसी बीच पीसीसी चीफ दीपक बैज उनके निवास पहुंचे थे और बंद कमरे में नेताओं के बीच बातचीत चल रही है। बलौदाबाजार हिंसा मामले में चौथी बार नोटिस जारी होने के बाद विधायक ने बयान देने जाने से मना किया था। 

बीजेपी के इशारे पर परेशान करने का लगाया आरोप 

चौथी नोटिस के जवाब में उन्होंने कहा था कि पुलिस को जो भी बयान लेना है, वह उनके पास आए और लेकर जाए। विधायक देवेंद्र यादव ने बीजेपी के इशारे पर पुलिस उन्हें बार-बार नोटिस देकर परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होने आगे कहा कि, जेल में बंद सतनामी समाज के युवाओं को मेरे खिलाफ जबरन बयान देने के लिए धमकाया जा रहा है। उनसे ये बोलने को कहा जा रहा है कि, देवेंद्र यादव 12 गाड़ियों में भरकर लोगों के साथ आए थे।

राज्यपाल से करूंगा मुलाकात 

विधायक देवेंद्र यादव ने आगे कहा कि, मैं अपना राजनीतिक काम छोड़कर बार-बार बलौदाबाजार बयान दर्ज कराने नहीं जाऊंगा। मैंने अपना जवाब पुलिस को भेज दिया है और जरूरत पड़ने पर मैं राज्यपाल से मुलाकात करूंगा। न्यायालय की सहायता से इसका सामना करूंगा।
 

5379487