Logo
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कुछ ही देर में चंपारण पहुंचेंगे। यहां पर वे महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा-अर्चना करेंगे। 

सोमा शर्मा- चंपारण। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कुछ ही देर में चंपारण पहुंचेंगे। हेलीपेड में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अगुआई में ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग,  क्षेत्रीय विधायक इंद्र साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नवापारा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, चंपारण मंडल अध्यक्ष नारायण यादव केंद्रीय मंत्री शाह का स्वागत करेंगे। 

चंपारण में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा अर्चना करेंगे। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल,पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू,पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज मौजूद रहेंगे। 

पहले भी यहां आ चुके हैं शाह

गौरतलब है कि, गृहमंत्री शाह का चंपारण से पुराना नाता है। साल 2001 में भी वे अपनी मां के साथ चंपारण में महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा के लिए आ चुके हैं। साल 2013 में बीजेपी के स्टार प्रचारक के रूप में भी वे चंपारण आने वाले थे। लेकिन किसी कारण से उनका यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था। केंद्रीय गृहमंत्री बनने के बाद श्री शाह पहली बार पत्नी सहित चंपारण पहुंचेंगे। यहां पर वे लगभग 20-30 मिनट रूकेंगे और महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा करेंगे। 

वैष्णव संप्रदाय के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है चंपारण

चंपारण प्रभु वल्लभाचार्य की जन्मभूमि है। यह स्थान गुजराती समाज और वैष्णव संप्रदाय के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां पर शनिवार को गृहमंत्री शाह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे हैं। इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। 

सुरक्षा का किया गया पुख्ता इंतजाम 

सुरक्षा के लिए यहां पर लगभग 600 जवानों की तैनाती की गई है। ये जवान पांच लेयर में सुरक्षा के लिए तैनात हैं। दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर से जवानों की टीम को बुलाया गया है। वहीं मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए आम जनता का प्रवेश निषेध किया गया है। आसपास की दुकानों को भी शुक्रवार की रात से ही बंद करवाया गया है। 

5379487