Logo
प्रदेश में रोज सोने और चांदी में 25 करोड़ का निवेश होता है। इसमें से 20 करोड़ का सोना और पांच करोड़ चांदी में निवेश किया जाता है।

राजकुमार ग्वालानी - रायपुर। सोने और चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा है। रोज-रोज नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। इन सबसे हटकर सोने और चांदी में निवेश करने वालों को कोई सरोकार नहीं होता। ये तो कीमत कितनी भी हो निवेश करते ही हैं। हां कीमत कम होने पर निवेश थोड़ा ज्यादा हो जाता है, कीमत बढ़ने पर थोड़ा कम। अपने प्रदेश में रोज सोने और चांदी में 25 करोड़ का निवेश होता है। इसमें से 20 करोड़ का सोना और पांच करोड़ चांदी में निवेश किया जाता है। एक अनुमान के मुताबिक रोज 27 किलो सोना और 500 किलो चांदी निवेशक खरीदते हैं। 

सराफा में रोज जो 50 से 60 करोड़ का कारोबार होता है, उसमें करीब 50 फीसदी हिस्सा निवेशकों का होता है। निवेश के मामले में सोने को सबसे ज्यादा खरा माना जाता है। इसके पीछे का कारण यह है कि यह सबसे ज्यादा मुनाफा देता है। एफडी सहित अन्य योजनाओं से इसमें हर साल ज्यादा मुनाफा होता है। इधर बीते सालभर में सोने की कीमत ने तो नए-नए रिकॉर्ड बनाने का काम किया है। इस बार जितनी तेजी से इसकी कीमत में इजाफा हो रहा है, उतनी पहले कभी नहीं होता था। करीब डेढ़ साल में सोने की कीमत 24 हजार रुपए बढ़ी है। 50 हजार का सोना 75 हजार तक पहुंच गया है, यानी कीमत में 50 फीसदी का इजाफा हुआ है।

प्रदेश में रोज खरीद रहे 20 करोड़ का सोना

24 कैरेट सोने की कीमत इस समय 74 लाख रुपए किलो है। प्रदेश में राजधानी रायपुर के साथ सभी शहरों को मिलाकर निवेशक रोज करीब 20 करोड़ का सोना निवेश करने के लिए खरीदते हैं। निवेश के लिए खरीदा जाने वाला सोना सिक्कों के साथ बिस्किट और सिल्ली की शक्ल में होता है। जहां एक ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के सिक्के मिलते हैं। वहीं किलो में लेने के लिए सिल्ली के रूप में मिलते हैं। निवेश के लिए खरीदे जाने वाले सोने को ही बुलियन कहा जाता है। एक दिन में 20 करोड़ के निवेश के हिसाब से देखें तो करीब 27 किलो सोना होता है।

चांदी में भी निवेश

सोने के साथ ही चांदी में भी निवेश किया जाता है। हालांकि इसमें सोने की तुलना में कम निवेश होता है, क्योंकि इसकी कीमत कम होने के कारण इसको बहुत ज्यादा मात्रा में लेना पड़ता है। चांदी में निवेशक रोज करीब पांच करोड़ लगाते हैं। इतने पैसे में चांदी की कीमत से हिसाब लगाया जाए तो यह 500 किलो होती है। चांदी की कीमत 90 हजार रुपए किलो है। चांदी कारोबारी लक्ष्मीनारायण लाहोटी के मुताबिक चांदी में निवेश करने वाले इसको सिल्ली के रूप में खरीदते हैं। यह सिल्ली, जिसको चौरसा भी कहा जाता है, यह 500 से 600 ग्राम में आती हैं। छत्तीसगढ़ में चांदी की बिक्री अन्य राज्यों से ज्यादा होती है, क्योंकि यहां के लोग चांदी के छत्तीसगढ़ी गहने बनवाना ज्यादा पसंद करते हैं।

सोने के निवेश में ज्यादा मुनाफा

छत्तीसगढ़  सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि, सोने में रोज करोड़ों का निवेश होता है। सोना सबसे ज्यादा मुनाफा देता है, इसलिए लोग सोने में निवेश करना ज्यादा पसंद करते हैं।


 

5379487