Logo
देश में कांग्रेस सत्ता में रहने के दौरान संगठन के साथ समन्वय को लेकर कई बार विवाद की स्थिति पूर्व अध्यक्ष के साथ रही।

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन चुनाव में हार की समीक्षा के बाद संगठन में गुटबाजी खत्म करने बड़े बदलाव करने जा रहा है। संगठन में सभी रिक्त पदों को भरने के साथ नगरीय निकाय चुनाव और विधानसभा उप चुनाव को देखते हुए सभी लोगों को एकजुट करने का प्रयास शुरू हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने एआईसीसी के नेताओं और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से चर्चा के बाद संगठन में जान फूंकने सूची हाईकमान को दे दी है। बताया जाता है कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही बदलाव का क्रम शुरू होगा। 

प्रदेश अध्यक्ष की बागडोर संभालने के बाद दीपक बैज ने पुरानी कार्यकारिणी में कुछ परिवर्तन कर उसे आगे बढ़ाया था। विधानसभा और लोकसभा चुनाव को देखते हुए ज्यादा परिवर्तन नहीं किए गए थे। विधानसभा चुनाव के दौरान ही टिकट वितरण के बाद से ही आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ, जो लोकसभा चुनाव तक चलता रहा। एआईसीसी ने चुनावों में हार की समीक्षा के बाद जो सुझाव आए हैं, उनमें सबसे पहले संगठन को मजबूती देने का रहा। संगठन को मजबूती देने प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को ऐसे पदाधिकारी जिनका काम ठीक नहीं, उन्हें बदलने और उनकी जगह नए लोगों को मौका देने कार्यसमिति से भी अनुमति मिल गई, अब हाईकमान के इस पर मुहर लगाते ही नए नाम सामने आएंगे। निकाय चुनाव से पहले संगठन की गतिविधियों बढ़ाने लगातार प्रदर्शन और सरकार के विरोध में प्रदेश में माहौल बनाने का काम शुरू हो गया है।

प्रदेश पदाधिकारी सहित कई पद रिक्त

प्रदेश कांग्रेस संगठन में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश महामंत्री, सचिव और जिला अध्यक्ष सहित कई पद रिक्त हैं। इन पदों पर नए लोगों को जियुक्त किया जाना है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार ये रिक्त पद कई समय से हैं। पहले भी इसे पूरा करने के प्रयास किए गए। प्रदेश में आने वाले चार माह में नगरीय निकाय और विधानसभा उप चुनाव के पहले संगठन में नियुक्ति कर ली जाएगी।

जिला और ब्लॉक से होगा बदलाव

बताया जाता है कि, प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में रहने के दौरान संगठन के साथ समन्वय को लेकर कई बार विवाद की स्थिति पूर्व अध्यक्ष के साथ रही। चुनाव के तीन माह पहले ही संगठन से हटाए गए, उसके बाद संगठन को मजबूत करने के प्रयास नहीं हुए। चुनाव के दौरान जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों को तवज्जो नहीं मिली। इसके कारण पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष देखने में आया। अब इन बातों की समीक्षा कर जिला और ब्लॉक से ही बदलाव शुरू होगा।

निकाय सम्मेलन इसी माह से

बताया जाता है कि, प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कांग्रेस जल्द ही निकाय सम्मेलन शुरू करेगी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज इसमें शामिल होंगे। निकाय सम्मेलन के माध्यम से सभी नगरीय निकायों तक पहुंचने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का प्रयास होगा। अगस्त से ही इसे शुरू करने की तैयारी है।

5379487