गोपी कश्यप- नगरी। छत्तीसगढ़ के नगरी नगर पंचायत में अध्यक्ष और 15 वार्डों के पार्षद पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुआ। नगर की जनता ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया और भारी संख्या में मतदान कर अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन किया। प्रशासन और चुनाव आयोग के कुशल प्रबंधन से मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे मतदान सुचारु रूप से संचालित हुआ।
सुबह 8 बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, वैसे ही मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों पर देखने को मिलीं। पहले घंटे में अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे मतदाताओं की भीड़ बढ़ती गई। नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों ने पूरे जोश और उमंग के साथ मतदान किया। खासकर महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
82.58% प्रतिशत हुआ मतदान
नगर के कुल 9915 मतदाताओं में से कुल 8287 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का किया प्रयोग। कुल मतदाल 82.58% प्रतिशत रहा। यह आंकड़ा दर्शाता है कि इस बार जनता में मतदान को लेकर अधिक जागरूकता थी और सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर के भविष्य के लिए अपनी पसंद के उम्मीदवार को चुना।
चुनाव प्रक्रिया रही शांतिपूर्ण, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
नगर पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क था, और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी गई। चुनाव अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते मतदान के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की इस मुस्तैदी से मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
इस चुनाव में युवा मतदाताओं ने विशेष रुचि दिखाई और बड़ी संख्या में मतदान किया। पहली बार मतदान कर रहे युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। मतदान केंद्रों पर उनकी लंबी कतारें यह दर्शा रही थीं कि अब युवा भी अपने नगर के विकास के लिए जागरूक हो रहे हैं। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कई महिलाओं ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया और लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। महिलाओं का यह जोश इस बात का संकेत है कि वे अब अपने अधिकारों को लेकर पहले से कहीं अधिक जागरूक हो गई हैं।
दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की भी रही विशेष भागीदारी
इस चुनाव में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं ने भी पूरे जोश के साथ मतदान किया। प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। बुजुर्ग मतदाताओं ने चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं को व्हीलचेयर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे वे भी बिना किसी कठिनाई के अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
चुनाव परिणामों को लेकर कयासों का दौर शुरू
मतदान सम्पन्न होते ही अब नगर में चुनाव परिणामों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मतदाता अपनी-अपनी पसंद के उम्मीदवार की जीत को लेकर कयास लगा रहे हैं। नगर पंचायत की अध्यक्ष पद की सीट के लिए भाजपा के बलजीत छाबड़ा और कांग्रेस के पेमन स्वर्णबेर के बीच सीधा मुकाबला है। अब सभी की निगाहें आगामी 15 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के दिन नगर पंचायत नगरी की जनता को यह पता चलेगा कि उनके नगर की बागडोर किसके हाथों में जाने वाली है। प्रत्याशी और उनके समर्थक बेसब्री से इस दिन का इंतजार कर रहे हैं।
शहर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति दिखाई निष्ठा
नगर पंचायत नगरी में सम्पन्न हुए इस चुनाव ने यह साबित कर दिया कि जनता अब लोकतंत्र के प्रति अधिक जागरूक हो रही है। भारी संख्या में मतदान कर नागरिकों ने यह संदेश दिया कि वे अपने नगर के विकास के लिए सही नेतृत्व चुनने के प्रति गंभीर हैं। नगर के नागरिकों ने न सिर्फ मतदान किया बल्कि दूसरों को भी प्रेरित किया, जिससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि देखने को मिली। नगर पंचायत चुनाव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, चुनाव आयोग, पुलिस बल एवं समस्त मतदान कर्मियों को श्रेय जाता है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराया। अब नगर पंचायत नगरी की जनता को अपने नगर के लिए नया नेतृत्व मिलने का इंतजार है, जो आने वाले वर्षों में नगर के विकास की दिशा तय करेगा।