Logo
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बने आज गुरुवार को 100 दिन पूरे हो गए। इस अवसर पर सरकार के मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर में मीडिया से बात कर सरकार के काम गिनाए।  

जीवानंद हलधर-जगदलपुर। प्रदेश की भाजपा सरकार के आज पूरे 100 दिन हो गए हैं। इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने आज मिडिया से बात से की। जगदलपुर पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री कश्यप ने कहा कि, हमारी सरकार ने जो वादे किए थे उसे 3 माह में पूरा करने का प्रयास किया गया है। किसान, महतारी वंदन योजना सहित जो काम किये गए हैं वह देश के किसी राज्य में नहीं हुए हैं। 

अंदरूनी इलाकों में विकास पहुंचाना सरकार का पहला काम 

भाजपा की सरकार विकसित भारत की तर्ज पर काम कर रही है। बस्तर की संस्कृति, परंपराओं का भी ख्याल रख जा रहा है। पिछले 5 सालों में कांग्रेस ने जो काम किया है उसे जनता ने देखा, समझा और कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया। केदार कश्यप ने कहा कि, नक्सली पहले हथियार छोड़ें, बुलेट पर नहीं बैलेट पर विश्वास रखकर चर्चा के लिए आगे आएं। सरकार चर्चा के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने कहा कि, अंदुरुनी इलाक़ों में विकास पहुंचाना सरकार का पहला काम है। 

लखमा 5 साल तक सिर्फ नाचते ही रहे 

सरकार ग्रामीणों को हर तरह की सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, माओवादियों को बातचीत के लिए आगे आना चाहिए। सरकार उनकी बातों को जरूर सुनेगी। एक सवाल के जवाब में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, पूर्व मंत्री कवासी लखमा 5 साल तक केवल जगह-जगह नाचते ही रहे हैं। अपने क्षेत्र में एक भी काम नहीं करा पाए हैं। ना सड़क बनाए और ना ही विकास का काम किए। जो भी काम हुए हैं वह भाजपा सरकार के समय में हुए हैं। अब लोकसभा चुनाव के बाद कवासी लखमा पूरी तरह गायब हो जाएंगे।

भागते फिर रहे कांग्रेस नेताओं को जनता यहां से भी भगा देगी

इधर बस्तर लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं होने को लेकर मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, लोकसभा बस्तर क्षेत्र से 2 पीसीसी अध्यक्ष आते हैं और उनको अब तक नाम भी नहीं सूझ रहा है। कांग्रेस नेताओं के हाथ-पांव फूल रहे हैं। आपस में लड़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, अगर उनको उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं तो वे अपने बड़े नेताओं को ले आएं बस्तर...जो भागते -भागते फिर रहे हैं यहां से भी उनको जनता भगा ही देगी।

5379487