Logo
कार्यकर्ता सममेलन में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा- पिछला विधानसभा चुनाव गद्दारों के कारण हारे, अच्छा हो गया पार्टी छोड़कर चले गए, कचरा साफ हो गया।

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। विधानसभा मुख्यालय राजिम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कम कार्यकर्ता और खाली कुर्सियां देख महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अमितेष शुक्ल सकते में आ गए। साहू छात्रावास में कार्यक्रम रखा गया था। कुर्सियां जितनी लगाई गई थीं उसमें से आधी कुर्सियां खाली थीं।

खाली कुर्सियों पर अमितेष शुक्ल ने अपने भाषण के दौरान टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कहा कि, ये कुर्सियां खाली कैसे हैं? यह मैं जानना चाहता हूं.. इसकी जिम्मेदारी किसे दी गई थी। उनका इशारा किसकी तरफ था, इसे सारे कार्यकर्ता भांप गए थे। श्री शुक्ल ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी जो हार हुई है उसमें साफ-साफ रेखांकित करते हुए कहा कि, राजिम विधानसभा के सरगी नाले के उस पार से लेकर पांडुका तक भयानक गड़बड़ी हुई है। ये इलाका किस नेता का है? उन्होने ताम्रध्वज साहू की तुलना पंडित श्यामाचरण शुक्ल से की। श्री शुक्ल ने कहा कि, हमें लोकसभा के लिए मौका मिला है, पिछले सभी रंजिशों को भुलाकर अपने दिल के कालापन को निकालें। जिला अध्यक्ष भावसिंह साहू का नाम लेते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि, सभी को जिम्मेदारी दें। जनपद अध्यक्ष पुष्पा साहू का नाम लेते हुए कहा कि, ये कितने जनपद सदस्यों को संभालेंगी ये भी तय करें।

गद्दारों ने हराया विधानसभा चुनाव : रूपेश साहू

राजिम-फिंगेश्वर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूपेश साहू ने अपने भाषण के दौरान साफ-साफ कहा कि, हम पिछला विधानसभा चुनाव गद्दारों के कारण हारे हैं। अच्छा हो गया ये गद्दार चले गए, वर्ना लोकसभा चुनाव में भी ये ऐसा ही करते। हम तो कहते हैं कि उनके चले जाने से कचरा साफ हो गया। ब्लाक अध्यक्ष श्री साहू ने दंभ भरते हुए कहा कि, इस लोकसभा चुनाव में अकेले फिंगेश्वर ब्लाक से 20 हजार वोटों से लीड दिलाएंगे और यहां के विधायक को दिखाएंगे। हमें डरना नहीं है। हम लोग दो नंबर का काम तो करते नहीं। न तो रेत घाट चलाते हैं और न ही अवैध दारू का काम करते हैं। 

chair
कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन में कुर्सियां खाली

16 सौ कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में हुए हैं शामिल

मालूम हो कि अभी इसी सप्ताह करीब 16 सौ कांग्रेस कार्यकर्ता फिंगेश्वर में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचकर भाजपा में शामिल हुए हैं। हालांकि ब्लाक कमेटी के अध्यक्ष रूपेश साहू ने नाम किसी का नही लिया मगर अपना भड़ास निकालते हुए बड़ी बात कह गए। जो कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं उनमें से कई तो ऐसे थे जिन पर श्री शुक्ल काफी भरोसा और विश्वास रखते थे। 

मैं हमेशा पारिवारिक रिश्ता बनाता हूं : ताम्रध्वज साहू

कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने कहा कि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सेवा करने का अवसर पार्टी ने मुझे दिया है। आश्वस्त करता हूं कि मैं ऐसा कोई काम नहीं करूंगा जिससे आप लोगों को शर्मिंदा होना पड़े। उन्होंने कहा कि, मैं हमेशा राजनीतिक रिश्ता नहीं बल्कि पारिवारिक रिश्ता बनाता हूं। 

ये प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व प्रशासनिक महामंत्री सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष विकास तिवारी, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष पवन सोनकर, जनपद अध्यक्ष पुष्पा साहू, पूर्व मंडी अध्यक्ष रामकुमार गोस्वामी, सुनील तिवारी, जनपद उपाध्यक्ष योगेश साहू ,गिरीश रजानी, लालचंद मेघवानी, ताराचंद मेघवानी, रामगुलाल साहू, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष पदमा दुबे ,ब्लॉक अध्यक्ष मनीषा शर्मा, धनेश्वरी वर्मा, घनश्याम साहू, भीम साहू, हफीज खान, जाकिर खान, सुंदर साहू, ओमप्रकाश बंछोर, ठाकुर राम साहू, देवराम वर्मा, डॉक्टर जवाहरलाल वर्मा, अनिल चंद्राकर, बैसाखु साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

5379487