Logo
मानसून 16 जून के बाद कभी भी रायपुर में दस्तक दे सकता है। इसके पहले गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। 

रायपुर। कई दिनों से अटके मानसून के आगे बढ़ने के लिए अच्छी स्थितियां निर्मित हो गई हैं। इसके आधार पर मौसम विभाग का अनुमान है कि, मानसून 16 जून के बाद कभी भी रायपुर में दस्तक दे सकता है। इसके पहले गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। 24 घंटे पश्चात प्री मानसूनी गतिविधि में वृद्धि होने के बाद गर्मी से थोड़ी राहत की संभावना है। मानसून के दस्तक के बाद ही लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिल सकेगी। इसके पूर्व गुरुवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन बूंदें नहीं बरसी।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों में अंधड़ चलने के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

पूर्व में जल्दी पहुंचने का अनुमान

मौसम विभाग द्वारा पूर्व में मानसून के जल्द रायपुर पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। प्रारंभ में मानसून की गति अच्छी थी। तय समय से पहले केरल पहुंच जाने के कारण रफ्तार को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही थी कि राजधानी में भी समय से पहले ही मानसूनी बारिश प्रारंभ हो जाएगी, लेकिन केरल प्रवेश के बाद मानसून की रफ्तार धीमी हो गई और उम्मीद के अनुसार मानसून 13 जून तक राजधानी नहीं पहुंच सका। हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून ने अपने तय समय में दस्तक दे दी है, लेकिन राजधानीवासियों को बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।

5379487