Logo
छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में बच्चों का हेल्थ चेकअप सरकारी चिकित्सकों का कैंप लगाकर स्कूल में ही कराया जाता है। इसी दौरान एक डाक्टर पर 12वीं कक्षा की छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

यशवंत गंजीर- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक स्कूल में हेल्थ चेकअप के दौरान एक डॉक्टर द्वारा स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्राचार्य ने सीएमएचओ और अपने आला अधिकारियों को जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई चाही है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, मामला बुधवार का है। शहर के स्वामी आत्मानंद स्कूल हटकेशर धमतरी में स्कूली छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिरायु हेल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन किया गया था। लेकिन इसी बीच स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्राओं ने जो दावा क़िया वह हैरान कर देने वाला था। छात्राओं ने शिक्षकों को बताया कि, जांच-परीक्षण कर रहा डॉक्टर जांच के नाम पर छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा है। 

molestation happened in this school
इसी स्कूल में हुई छेड़छाड़  

छात्राओं की शिकायत के बाद स्कूल में मचा हड़कंप

छात्राओं के इस आरोप के बाद स्कूल में हड़कंप मचा गया। इस पूरे मामले की शिकायत स्कूल प्रबंधन ने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी से कर दी। बहरहाल अब देखना होगा कि छात्राओं के लगाए गए इस सनसनीखेज आरोप के बाद आरोपी चिकित्सक के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाती है। 

छात्राओं ने की गलत जगह हाथ लगाने की शिकायत

वहां पर मौजूद शिक्षिका ने बताया कि, चिरायु टीम के डॉक्टर द्वारा बारी-बारी से जांच की जा रही थी। मिडिल स्कूल की छात्राओं की जांच खत्म होने के बाद हाई स्कूल का नंबर था। जिसमें क्लास से 5-5 के ग्रुप में बच्चों को भेजा जा रहा था। 12वीं कक्षा की छात्राओं की जांच के दौरान उन्हें लगा कि, चिकित्सक गलत जगह छू रहे हैं। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए तुरंत जांच को रुकवा दिया और इसकी सूचना प्राचार्य को दी। महिला चिकित्सक नहीं आने पर डॉक्टर ने बताया था कि, वह छुट्टी पर है इसलिए खुद आए हैं।

5379487