यशवंत गंजीर- कुरुद। छत्तीसगढ़ के कुरुद में शहरी सत्ता के लिए भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य पार्षद प्रत्याशियों का भाग्य ईव्हीएम मशीन में कैद हो गया। शहरी सत्ता के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम 5 बजे तक चला। यहां के 82.66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमे 83..37 प्रतिशत पुरुष व 81. 99 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल है। मतदान शांतिपूर्ण रहा एवं सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि नगर पंचायत कुरुद के मतदाताओं ने नगर सरकार चुनने यहां के मतदाताओं ने सातवी बार मतदान किया। जिसमे आधी आबादी का दखल रखने वाली महिला मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के इस त्यौहार मे उत्साह दिखाकर सुबह से ही मतदान करने बड़ी संख्या में मतदान केंद्र पहुंची। कुरुद में चार बार भाजपा व दो बार कांग्रेस ने राज किया है। भाजपा ने सत्ता हथियाने तो कांग्रेस ने सत्ता में पुनः वापसी के लिए खूब जोर आजमाइश की थी।
15 को फरवरी को होगी मतगणना
यहां अध्यक्ष के लिए भाजपा, कांग्रेस, आप के साथ एक निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में डटे थे। वहीं 15 वार्डो में पार्षद बनने कांग्रेस-भाजपा के साथ सात निर्दलीय प्रत्याशी मिलाकर कुल 37 लोग चुनाव लड़े है। सोमवार की रात शहर के सक्षम वार्डों में वहां के सभी दलों के प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पाले में लाने साम दाम दंड भेद का उपयोग किया। जिसके चलते प्रत्याशियों व्दारा मतदाताओं को लुभाने लगभग सभी वार्डों में आकर्षक सामग्रियां भी बांटी गई है। देखना ये है कि जनता जनार्दन को यह चीजे कितनी प्रभावित किया होगा और प्रत्याशियों को इसका कितना लाभ होता है। ईव्हीएम अब 14 फरवरी को खुलेगी। मतगणना के बाद ही पता चल पायेगा की नगर के मतदाताओं ने किस दल या उम्मीदवार को योग्य समझा है।
वार्ड क्र.02 में सर्वाधिक 91.80 व 15 में सबसे कम 71.08 प्रतिशत मतदान
नपं. कुरुद के कुल 11255 मतदाता वाले नगर पंचायत में महिला पुरुष मिलाकर 9303 मतदाताओं ने मतदान किया। जिसमे वार्ड क्रमांक 1 में 408, वार्ड क्र. 2 में 593, वार्ड क्र. 3 में 545,वार्ड क्र. 4 में 510, वार्ड क्र. 5 में 642, वार्ड क्र.6 में 708, वार्ड क्र. 7 में 617, वार्ड क्र. 8 में 586, वार्ड क्र. 9 में 538, वार्ड क्र. 10 में 755, वार्ड क्र. 11 में 975, वार्ड क्र. 12 में 456, वार्ड क्र. 13 में 315, वार्ड क्र. 14 में 979 एवं वार्ड क्र. 15 में 671 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की यज्ञ में अपनी आहुति डाली। जिसमें सर्वाधिक मतदान वार्ड क्रमांक वीर नारायण सिंह वार्ड क्र. 02 में 91.79 प्रतिशत व सबसे कम मतदान वंदेमातरम वार्ड क्र. 15 में 71.08 प्रतिशत हुआ है।
मतदान कर लोगों ने अपनी भूमिका का किया निर्वहन
मतदान के प्रति जागरूकता दिखाते हुए लोकतंत्र के इस हवन में जहां अपने मतों की आहुति मतदाताओं ने दी वहीं प्रत्याशियों ने भी मतदान कर अपनी भूमिका का निर्वहन किया। कुरुद विधायक अजय चन्द्राकर ने वार्ड क्रमांक 05 से आंगनबाड़ी केंद्र में बने मतदान केंद्र पर अपने पत्नी प्रतिभा व पुत्र अजय रंजन चन्द्राकर के साथ, भाजपा प्रत्याशी ज्योति चंद्राकर ने पति भानु के साथ व कांग्रेस प्रत्याशी तपन चंद्राकर ने अपनी पत्नी राखी के साथ मतदान केंद्र पहुंच मतदान किया। 90 प्रतिशत दिव्यांग बसंत साहू ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर मतदान की लोकतंत्र में महत्ता को चरितार्थ किया, वहीं बुजुर्गों ने भी अपने अपने घरों से निकल अपना जनादेश प्रदान किया। मतदान के दौरान एक दो जगह छूट-पुट हो-हल्ला को छोड मतदान शांति पूर्ण रहा।