यशवंत गंजीर- कुरूद। पहली बार जनपद सदस्य बनी महिला, गीतेश्वरी साहू को जनपद अध्यक्ष बना भाजपा ने बहुसंख्यक आबादी साहू समाज को साधने का काम किया है। साथ ही समान्य वर्ग के अनुभवी नेता सतीश जैन को उपाध्यक्ष बनाकर जता दिया कि, पार्टी हर वर्ग का खयाल रखती है। हरिभूमि डॉट कॉम ने एक दिन पहले ही इन्ही नामों पर मुहर लगने की संभावना व्यक्त कर जो आकलन प्रस्तुत किया था वह सटीक साबित हुआ है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद 6 मार्च को जनपद पंचायत कुरूद में पीठासीन अधिकारी व एसडीएम नभसिंह कोसले एवं सहायक तहसीलदार दुर्गा साहू ने सुबह 11 बजे जनपद पंचायत के सभाहाल में निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के लिए निर्वाचन हुआ। जिसमें दोनो पदों के लिए पक्ष,विपक्ष के सदस्यों ने  नामांकन भरा जिसके बाद चुनाव कराया गया। मतदान पश्चात हुई गणना में जनपद क्षेत्र क्रमांक 1 से निर्वाचित होकर आई भाजपा से गीतेश्वरी साहू को 22 मत एवं  क्षेत्र क्र.19 सिर्री कांग्रेस के लिली श्रीवास को 3 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान पश्चात मतगणना में क्षेत्र क्रमांक 2 पचपेड़ी से भाजपा के सतीश जैन को 22 एवं क्षेत्र क्रमांक 10 मंदरौंद से कांग्रेस की  कंचन नारद साहू को 3 मत प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम में  गीतेश्वरी साहू अध्यक्ष एवं सतीश जैन उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।  

निर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्यगण

अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों ने 22-22 मत पाकर जीत दर्ज की

25 सदस्यों वाली जनपद में भाजपा के खाते में 22 व कांग्रेस के पास मात्र 3 ही निर्वाचित सदस्य थे। जिसके कारण यह तय था कि अध्यक्ष-उपाध्यक्ष भाजपा से ही बनेगा। बावजूद अल्पमत में होने के बाद भी कांग्रेस ने उक्त पद के लिए नामनिर्देशन पत्र जमाकर राजनीतिक सरगर्मियां पैदा कर दी। जिसके चलते भाजपा एवं कांग्रेस दोनों दलों के नेताओ का जनपद परिसर जमावड़ा देखने को मिला। उधर पीठासीन अधिकारी द्वारा चुनाव की पूरी प्रक्रिया शांति पूर्ण तरीके से सम्पादित कराया गया। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों ही पदों के लिए नामांकन फार्म जमा कराया गया। निर्धारित समय में समीक्षा व नाम वापसी की औपचारिकता पश्चात् मतदान हैं  अध्यक्ष, उपाध्यक्ष चुनने के बाद पीठासीन अधिकारी ने मतगणना कर जीत प्रमाण पत्र दिया। जिसमे अध्यक्ष पद के लिए गीतेश्वरी साहू एवं उपाध्यक्ष पद के लिए सतीश जैन 22-22 मत पाकर विजयी हुए।  इस तरह  पांच साल तक कांग्रेस की कब्जा में रही कुरूद जनपद पंचायत में भाजपा ने अपना शानदार वापसी करते हुए अध्यक्ष,उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है।

जातिगत समीकरण साधा वहीं अनुभवी को भी मौका दिया

कुरुद जनपद पंचायत में अध्यक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर जो आकलन जो हमने प्रस्तुत किया था वह बिल्कुल सटीक साबित हुआ। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व जनपद अध्यक्ष सिंधु बैस व पहली बार चुनकर आई गीतेश्वरी साहू के राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर जो बाते कही थी उसके अनुसार  कुरुद जनपद से इस बार भी बीजेपी ने जातिगत समीकरण साधते हुए साहू बाहुल्य समाज की गीतेश्वरी साहू के नाम पर मुहर लगाई। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए तीसरी बार जनपद सदस्य निर्वाचित हुए सतीश जैन जिसे आरक्षण के कारण 10 साल में केवल एक बार ही चुनाव लड़ने का मौका मिलता है को उसके पार्टी में वरिष्ठता एवं अनुभव के आधार पर इस पद के ज्यादा उपयुक्त मानकर उनके नाम की मुहर लगाई। जातिगत समीकरण  बिठाने व अनुभवी को प्राथमिकता देने के चलते इन दोनों पदों के चयन में शीर्ष नेतृत्व ने क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान नही रखा। किसी भी एक पद मिलने के उम्मीद में रहे सिर्री व कुरुद मंडल के सदस्यों को अब सभापति बनाकर संतुलित किया जा सकता है।