Logo
विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर बीजेपी विधायक खुशवंत साहेब ने कहा कि, कल की घटना को सबने देखा है कि, देवेंद्र यादव ने किस तरह हमारे आस्था का प्रतीक चिन्ह सादा झंडा का अपमान किया है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद प्रदेशभर में सियासी तूफान आ गया है। जहां कांग्रेस के बड़े नेता बीजेपी पर हमलावर है तो वहीं कांग्रेसी जगह- जगह पर सीएम विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा के पुतले फूंक रहे हैं। इसी कड़ी में बीजेपी विधायक खुशवंत साहेब ने देवेंद्र यादव के झंडा लहराने को गलत ठहराते हुए कहा कि, ये देवेंद्र यादव प्यादा हैं सरगना कोई और है। 

आरंग बीजेपी विधायक खुशवंत साहेब ने कहा कि, कल की घटना को सबने देखा है कि, देवेंद्र यादव ने किस तरह हमारे आस्था का प्रतीक चिन्ह सादा झंडा का अपमान किया है। वे उसे गलत तरीके से लहरा रहे थे और उन्होंने हमारी आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया है। समाज को भड़काने का काम कांग्रेस नेताओं ने किया है। ये संविधान की बात कर रहे हैं और कानून का पालन नहीं कर रहे हैं। यदि आप निर्दोष हैं तो किस बात का डर है। कांग्रेस नेता के प्रोपेगेंडा खड़ा कर रहे हैं। 

सीएम साय बोले- पुलिस ने सोच समझकर की कार्रवाई 

विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, यह कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं है। पुलिस ने सोच समझकर कार्रवाई की है। वह छोटा-मोटा आदमी नहीं है।

डिप्टी सीएम शर्मा ने शांति बनाये रखने की अपील 

विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव पुलिस को सहयोग नहीं कर रहे थे। इस वजह से उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा है। इस घटना में कोई भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। देवेंद्र यादव ने गिरफ्तारी के दौरान सफेद झंडा का सहारा लिया है। वो समाज विशेष को गिरफ्तारी से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की दुर्भावना से कार्रवाई नहीं की गई है। मैं प्रदेश में सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। 

5379487