Logo
बालोद में डेंगू और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामले ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में अब तक डेंगू के 15 से अधिक मरीज मिले हैं। वहीं अंबिकापुर शहर में  डायरिया से 2 लोगों की मौत के बाद लोगों में भय का माहौल है। 

 

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्वाइन फ्लू और डेंगू के मामले सामने आए हैं। जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। दल्लीराजहरा शहर में 66 वर्षीय महिला की स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक डेंगू के 15 से अधिक मरीज मिले हैं। बैक्टिरिया नाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। 

दल्लीराजहरा नगर में  स्वाइन फ्लू और डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है।  शहर के वार्ड नम्बर 4 में एक 66 वर्षीय महिला की स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं पीड़ित महिला का रायपुर एम्स में इलाज जारी है। नगर में अब तक 15 से अधिक डेंगू मरीजों की पुष्टि की जा चुकी है। 

डेंगू के 15 से आधिक मरीजों की पहचान

स्वास्थ्य विभाग ने  डेंगू के अब तक 15 से भी अधिक मरीजों की पहचान की है। इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिसका इलाज जारी है। वहीं इतनी संख्या में डेंगू के मरीज मिलने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जा कर जांच कर रही है। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू पीड़िता के घर और आसपास के लोगों का टेस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा डेंगू से बचाव के लिए दवाइयों का छिड़काव भी किया जा रहा है।

डायरिया से 2 लोगों की मौत

अंबिकापुर में एक बार फिर डायरिया का कहर देखने को मिला है। जिले के चैनपुर गांव में फिर डायरिया ने 2 लोगों की जान ले ली। गांव में डायरिया से कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है। डायरिया से हुई मौत के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग इलाज के साथ ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने का काम कर रहा है। गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों का इलाज किया जा रहा है। उदयपुर ब्लाक के चैनपुर में 13 अगस्त से डायरिया फैला हुआ है।

5379487