Logo
पुलिस ने गांजा परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके पास से लाखों का गांजा और अन्य सामग्री जब्त किया गया है। 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गांजा परिवहन करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास से लगभग 35 किलो गांजा समेत अन्य सामग्री जब्त किया गया है। जब्त किए गए सामग्रियों की कीमत 11 लाख 39 हजार रुपये बताई जा रही है। यह मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। 

मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार, तस्कर बिलासपुर के रास्ते रतनपुर होते हुए एक स्कार्पियो में गांजा लेकर मध्यप्रदेश की तरफ जा रहे थे। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने लाटा तिहारा के पास नाकाबंदी की और वाहनों को चेक किया। चेकिंग के दौरान एक वाहन से 34 किलोग्राम गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। स्कार्पियो समेत 2 मोबाइल और 11 लाख 39 हजार का सामान भी जब्त किया गया है। 

ये हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में जबलपुर (मध्यप्रदेश) का प्रशांत श्रीवास, पिता सुरेश श्रीवास उम्र 21 साल, जबलपुर (म.प्र) से ही कंधी लाल पूरा बीरन गोंड उम्र 30 साल और महाराष्ट्र से राधेश्याम, पिता राम बहादुर कश्यप, उम्र 24 साल शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 

पिछले दिनों भी पकड़ाए थे गांजा तस्कर 
वहीं पिछले दिनों महासमुंद नेशनल हाईवे एन एच 53 पर तस्कर एक कार में ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से 50 लाख का 100 किलो गांजा जब्त किया गया था। इस मामले में पुलिस ने सतना मध्यप्रदेश के रहने वाले विनोद सिंह, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया था। दूसरा आरोपी मौके पर से फरार होने में कामयाब हो गया था। पुलिस इस मामले में भी कार्रवाई कर रही है। 
 
 

5379487