Logo
छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर यात्राओं वाली सियासत शुरू हो गई है। भाजपा की तिरंगा यात्रा के जवाब में कांग्रेस संविधान यात्रा निकालने जा रही है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दोनो प्रमुख राजनीतिक पार्टियां भाजपा और कांग्रेस स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर प्रदेश में यात्राएं निकालने जा रही हैं। एक तरफ सत्ताधारी पार्टी भाजपा तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है तो जवाब में कांग्रेस संविधान यात्रा निकालने की तैयारी में है। इस पर दोनों ओर से बयानबाजी भी होने लगी है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि, कांग्रेस पार्टी की देशभक्ति जगजाहिर हो चुकी है। देशहित के लिए काम करने वाली पार्टी यदि कोई है तो वह सिर्फ भाजपा है। उन्होंने कहा कि, BJP पहले से ही तिरंगा यात्रा करती आ रही है और अब कांग्रेस के लोग हमारा नकल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा- तिरंगा यात्रा देशभक्ति, झंडे के प्रति प्रेम को जाहिर करता है। 

Dupty CM Arun sao
डिप्टी सीएम साव

कांग्रेस सरकार ने भाजपाइयों को झूठे केसों में फंसाया

वहीं श्री साव ने BJP नेताओं के खिलाफ कांग्रेस सरकार के दौरान लगे राजनीतिक प्रकरणों की वापसी की तैयारी पर कहा है कि, BJP नेताओं को कांग्रेस सरकार ने झूठे केसों में फंसाया है। BJP कार्यकर्ताओं को कांग्रेस सरकार ने टारगेट किया था। उनहोंने कहा कि, इस पर फैसले के लिए मंत्रीमंडलीय उपसमिति की बैठक भी हो चुकी है। मंत्रीमंडलीय उपसमिति के विचारों पर राज्य सरकार निर्णय लेगी।  

नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव एक साथ कराने पर विचार

वहीं छत्तीसगढ़ सरकार 'वन नेशन वन इलेक्शन' की थीम पर आगे बढ़ने जा रही है। इस पर श्री साव ने कहा है कि, प्रदेश में नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव एक साथ कराने के लिए राज्य सरकार ने एक चुनाव पर सुझाव लेने के लिए समिति बनाई है। श्री साव ने कहा कि, पूरे देश में 'वन नेशन वन इलेक्शन' पर चर्चा हो रही है, छत्तीसगढ़ में भी इस संबंध में राय ली जा रही है। साथ चुनाव होने से समय और संसाधनों की बचत होती है, सभी वर्गों के सुझाव के बाद इस विषय पर निर्णय होगा। 

आदिवासियों की तरक्की और बेहतरी की दिशा में हो रहे काम : साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विश्व आदिवासी दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि, आदिवासी समाज प्रकृति के बहुत नजदीक रहने वाला समाज है। PM के नेतृत्व में आदिवासी समाज के सम्मान की दिशा में काम हो रहा है। श्री साव ने कहा कि, आदिवासी समाज की बेटी देश में सर्वोच्च पद पर विराजित हुई है। बिरसा मुंडा जयंती को गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। आदिवासियों की तरक्की और बेहतरी के लिए सरकार काम कर रही है।

5379487