Logo
दिल्ली में बाढ़ की आशंका को लेकर यमुना के खादर क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण को डीडीए की ओर से हटाया जा रहा है। डीडीए के इस एक्शन पर कांग्रेस भड़क गई है। जानिये क्यों...

Delhi News: यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज से बड़ी यमुना में 18000 क्यूसक पानी दिल्ली की ओर डायवर्ट किया जा चुका है। पहाड़ों पर बारिश के चलते जल्द ही बाढ़ की घोषणा हो सकती है। मानसून से पहले दिल्ली में जिस तरह से जलभराव हुआ था, उसके मद्देनजर बाढ़ नियंत्रण कार्यक्रम तेज कर दिया गया था। इसी कड़ी में डीडीए ने यमुना डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया, जिस पर कांग्रेस भड़क गई है।  

दिल्ली के विकास प्राधिकरण पर कांग्रेस ने नगली चिल्ला, मयूर विहार, यमुना खाद में रह रहे 250 लोगों को बेघर करने का आरोप लगाया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ नेता चौधरी अनिल कुमार, कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन और पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, चौधरी मतीन अहमद, विजय कुमार, एडवोकेट दिनेश कुमार ने आज पीड़ितों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मोदी सरकार ने इन्हें बेघर कर दिया है और उनके पुनर्वास के कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों के साथ है और हर स्तर पर उनकी मदद करेगी। 

कांग्रेस बेघर लोगों को मदद करने के लिए तैयार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि जो भी दिल्ली विकास प्राधिकरण ने लोगों को बेघर किया है, उन लोगों को कांग्रेस पार्टी हर तरह से मदद करेगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर कानूनी तौर पर भी मदद करने से पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी कैंप लगाकर बेघर लोगों को खाना, कपड़ा और घरेलू सामान उपलब्ध कराएगी। साथ ही दिल्ली कांग्रेस मांग करती है कि इन लोगों को जल्द से जल्द राहत के साथ रहने की व्यवस्था की जाए।

चौधरी अनिल कुमार ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता चौधरी अनिल कुमार ने डीडीए द्वारा बेघर किए गए लोगों के समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार इन बेघर लोगों को घर उजाड़ने से पहले उनके रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। उन्होंने ये भी कहा कि केंद्र सरकार इन लोगों को राजीव रत्न आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवेदन में छूट दें।

5379487