Delhi Double Murder Case: दिल्ली के पीतमपुरा इलाके के कोहाट एन्क्लेव इलाके में एक बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या का मामला सामने आया है। यहां 70 वर्षीय  बुजुर्ग महेंद्र सिंह तलवार और उनकी 68 वर्षीय पत्नी दलजीत सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सुबह के समय जब उनका ड्राइवर उनके घर पहुंचा, तो किसी ने घर का दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद ड्राइवर ने साथ की बिल्डिंग में रह रहे उनके बेटों मनप्रीत और चनप्रीत को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद दोनों बेटे ने दरवाजा खोला, तो दंपत्ति की लाश अलग-अलग कमरों में पड़ी थी। 

अलग-अलग कमरों में मिली दंपत्ति की लाश

दंपत्ति की लाश अलग-अलग कमरों में पड़ी थी और उनके गले पर रस्सी बंधी हुई थी। बेटों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और साथ ही FSL टीम को भी बुलाया गया। सीसीटीवी कैमरों की जांच करके ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या में कितने लोग शामिल थे। क्या वाकई इस हत्या को अटेंडेंट ने ही अंजाम दिया है। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

मदद के लिए घर में रखा था अटेंडेंट

बता दें कि महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी दलजीत अकेले ही पूरे घर में रहा करते थे। उनके दोनों बेटे साथ की ही बिल्डिंग में रहते हैं। दोनों बेटे महेंद्र के कपड़ों का कारोबार संभालते हैं। महेंद्र की तबियत खराब रहती थी, जिसके कारण उनकी मदद करने, उनको टॉयलेट ले जाने आदि कामों के लिए एक अटेंडेंट रखा गया था। वो अटेंडेंट 3 दिन पहले ही काम छोड़कर चला गया थी। उसने अपनी अपनी जगह एक दूसरा अटेंडेंट काम पर रखवाया था। हत्या के बाद से वो अटेंडेंट फरार है। उस अटेंडेंट को दो दिन पहले सुबह पांच वले की सीसीटीवी फुटेज में देखा गया। 

अटेंडेंट पर हत्या की आशंका

वहीं जब घर के अंदर का नजारा देखा, तो उसके आधार पर पुलिस को शक है कि अटेंडेंट ने ही लूट के इरादे से बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की। पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारियां खुली हुई थीं और महिला के शरीर पर से भी सोने के जेवर गायब थे। शुरुआती जांच में लूटपाट के इरादे से अटेंडेंट पर ही हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

ये भी पढ़ें: दिल्ली की बसों में सफर करने वाले हो जाएं सावधान!: अगले महीने सड़कों से हटेंगी 5000 बसें, बढ़ाई जाएंगी 1200 बस