Delhi Murder Case: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में एक पब्लिक टॉयलेट के अंदर महिला की लाश बोरे में बंद मिली थी। 24 घंटों के अंदर ही दिल्ली पुलिस ने मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी 50 वर्षीय केशव प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के सीएसए कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला से फिजिकल रिलेशन बनाने की कोशिश की थी और महिला ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और युवक ने महिला का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी बोला- 10 हजार की डिमांड कर रही थी
वहीं इस मामले को लेकर आरोपी से पूछताछ की गई, तो उसने कहा कि महिला उससे 10 हजार रुपये की डिमांड कर रही थी। इसी कारण दोनों में झगड़ा हुआ और उसने महिला का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में बंद करके फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के नांगलोई इलाके के घर में लगी भीषण आग: दूसरी मंजिल से कूदकर 6 लोगों ने बचाई जान, देखें वीडियो
टैटू से हुई पहचान
बता दें कि नॉर्थ वेस्ट डीसीपी भीषम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी को थाना अशोक विहार पुलिस को कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि आरा मशीन चौक मस्जिद के सामने बने शौचालय में एक महिला का शव है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां से 25 से 30 साल की महिला का शव बरामद किया। महिला के शरीर पर 6 टैटू बने हुए थे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की, तो पता चला कि मृतका का नाम नंदनी उर्फ कल्लो है, जो गुड़ मंडी, मॉडल टाउन की रहने वाली थी।
दिल्ली छोड़ने की तैयारी कर रहा था आरोपी
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी शुरू की। वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया, आजादपुर और लाल बाग जैसे इलाकों के 100 से ज्यादा सीसीटीवी की जांच करने के बाद 50 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी की जांच करते समय एक युवक संदिग्ध नजर आया। लोकल इंटेलिजेंस, टेक्निकल सर्विलांस की मदद से टीम वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में रहने वाले केशव प्रसाद की पहचान कर पाई। पुलिस ने उसके संभावित इलाकों पर छापेमारी करनी शुरू की और उसे पकड़ लिया। आरोपी दिल्ली छोड़कर भागने की तैयारी में था।
आरोपी ने किया हत्या का खुलासा
पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या का जुर्म कुबूल किया। उसने बताया कि वह आजादपुर फल मंडी में मजदूरी का काम करता है। 21 फरवरी की रात वह काम निपटाकर घर जा रहा था, तभी उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। वो दोनों झुग्गी में गए और वहां खाना खाया। इसके बाद वो महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा, तो उसने 10 हजार रुपए की डिमांड की। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया और आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला के शव को जूट के बोरे में डालकर पब्लिक टॉयलेट के पास फेंक दिया था।
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर: नीरज बवानिया गैंग का सदस्य गिरफ्तार, भाऊ गैंग के साथ मुठभेड़