Logo
दिल्ली में महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये देने के वादे पर सीएम अरविंद केजरीवाल को बीजेपी महिला मोर्चा ने घेरा है। महिलाओं ने मंत्री आतिशी के घर पर प्रदर्शन किया।

Mukhyamantri Mahila Samman Yojana: आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये देने का वादा किया था। अब इसको लेकर बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा ने आज जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने दिल्ली सरकार और सीएम केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

दिल्ली बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा के नेतृत्व में आज आज मंगलवार को महिलाओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने सरकार से 1000 रुपये प्रति महीने दिए जाने की मांग की है।

महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और महिलाएं हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के घर पर प्रदर्शन करने के लिए एकजुट हो रही हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने चुनाव से पहले वादा किया था कि हर महीने महिलाओं को 1 हजार रुपये दिए जाएंगे, लेकिन अभी तक उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया।

क्या है मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना

दिल्ली सरकार ने 2024-25 के अपने बजट में 18 वर्ष से अधिक उम्र की लड़कियों व महिलाओं के लिए हर महीने 1000 रुपये देने की घोषणा की थी। इस नई योजना के लिए बजट में 2000 करोड़ रुपये का आवंटन भी किया गया।

कब मिलेंगे महिलाओं को 1000 रुपये?

दिल्ली सरकार के मुताबिक, चुनाव आचार संहिता हटने के बाद मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना को अमलीजामा पहनाया जाना था। अब चुनाव खत्म हो चुके हैं और उनके नतीजे आने के साथ ही केंद्र में सरकार भी बन गई है। ऐसे में दिल्ली की महिलाओं का ये सवाल है कि हर महीने मिलने वाले पैसे कब तक मिलेंगे।

5379487