Parvesh Verma: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस में दिलचस्प त्रिकोणीय मुकाबला होने वाला है। कांग्रेस और भाजपा अरविंद केजरीवाल को कई मुद्दों पर घेर रही हैं और 8 फरवरी को दिल्ली में अपनी पार्टी की सरकार बनाने का दावा कर रही हैं। कई बार केजरीवाल पर यमुना की सफाई को लेकर भी निशाना साधा जा चुका है और उनका पुराना क्लिप याद कराकर कहा जा रहा है कि वे अपने मंत्रियों के साथ यमुना में डुबकी लगाएंगे और उन्होंने ये भी कहा था कि अगर वे यमुना साफ न करा पाएं, तो दिल्ली के लोग उन्हें वोट न दें। वहीं अब नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने तो अरविंद केजरीवाल के कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई है। 

अरविंद केजरीवाल यमुना में डूबकी लगाने से पीछे हटे

दरअसल, नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा अरविंद केजरीवाल के पुतले को लेकर यमुना घाट पर गए। इस पुतले पर लिखा था 'मैं फेल हो गया, मुझे वोट मत देना क्योंकि मैं 2019 तक यमुना साफ नहीं करा पाया।' उस पुतले में केजरीवाल ने अपने कान पकड़ रखे हैं। वहीं प्रवेश वर्मा अरविंद केजरीवाल के पुतले को यमुना में डुबाते नजर आ रहे हैं। प्रवेश वर्मा का कहना है कि अरविंद केजरीवाल ने 2019 में कहा था कि अगले चुनाव तक यमुना साफ नहीं कर पाया तो वोट नहीं देना। चूंकि यमुना दूषित है और केजरीवाल डुबकी लगाने के वादे से पीछे हट गए हैं, तो यह कदम उठाना पड़ा है। 

ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल की दिल्ली के लोगों से अपील, बोले- कंबल और 1100-1100 रुपये बांटने वाला देश का गद्दार, उसे वोट मत देना

प्रवेश वर्मा ने यमुना साफ करने की बताई रणनीति

प्रवेश वर्मा ने कहा कि 'हम यमुना को साफ कर सकते हैं, ये कोई बड़ी साइंस नहीं है। इसके अंदर आठ-आठ मीटर कीचड़ जम गया है। इसे मशीन द्वारा निकाला जा सकता है। दोनों तरफ 28 किलोमीटर तक में गिरने वाले नालों को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान्ट बनाया जा सकता है। दोनों तरफ के घाटों को पक्का करके आसपास लगभग 10 लाख आयुर्वेदिक पेड़ लगा कर यमुना मैया को स्वच्छ किया जा सकता है। जैसे पीएम मोदी ने साबरमती रिवर फ्रंट बनाया, वैसे ही यमुना रिवर फ्रंट बनाया जा सकता है।' 

उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि '11 साल का समय बहुत होता है। उन्होंने बार-बार कहा कि वे यमुना साफ करेंगे और अगर ऐसा न कर पाएं , तो उन्हें वोट न दिया जाए। केजरीवाल ने यमुना की सफाई को लेकर 8 हजार करोड़ रुपए खर्च किए लेकिन पैसे कहां गए पता नहीं क्योंकि यमुना की सफाई तो नहीं दिख रही। उन्होंने मतदाताओं से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि दिल्ली को बचा लीजिए और भाजपा को जिताएं, ताकि केंद्र और राज्य सरकार में झगड़ा न हो। दिल्ली सरकार ये न कह सके कि हमें काम नहीं करने दिया जाता।'

भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी यमुना की सफाई

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी कि वे यमुना को साफ करेंगे ताकि लोग छठ पर्व पर अच्छे से त्योहार मना पाएं। वहीं सुबह योगा, मेडिटेशन करें और शाम को खाना खाकर लाखों लोग यमुना के दोनों तरफ टहल रहे हों, ये मेरा सपना है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा पेश की गई आप विधायक की ऑडियो क्लिप को लेकर कहा कि तिहाड़ से आए सभी नेताओं पर सुप्रीम कोर्ट ने कुछ शर्तें लगाई हैं, वे सचिवालय नहीं जा सकते, फाइलों पर दस्तखत नहीं कर सकते। साथ ही किसी अधिकारी से भी नहीं मिल सकते। इनके सभी मंत्री तिहाड़ से छूटे हुए अपराधी हैं, इसलिए इन्हें वोट न दें और अच्छी सरकार को वोट देकर विजयी बनाएं।  

ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल ने समझाया AAP का बचत वाला गणित, झाड़ू घर की लक्ष्मी और कमल का बटन है खतरनाक