Delhi News: दिल्ली में आपदा प्रबंधन के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ सीएम रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना द्वारा बैठक की गई। इस बैठक में LG और CM ने प्राकृतिक आपदाओं जैसे-शहरी बाढ़, भूकंप और अत्यधिक गर्मी जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। इस बैठक में सामने आया कि दिल्ली उन गिने-चुने राज्यों में से एक है, जहां अपनी SDRF टीम यानी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल नहीं है। इसके अलावा दिल्ली में सेंट्रल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी नहीं है। इसी कारण आपदा के समय समन्वित प्रतिक्रिया देना काफी मुश्किल होता है।
SDRF के लिए भूमि उपलब्ध कराने के आदेश
इस बैठक में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SDRF के लिए जल्द से जल्द भूमि या भवन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही एलजी ने सीएम रेखा गुप्ता से अनुरोध किया कि पिछली सरकार ने जिन लॉजिस्टिक्स और संसाधनों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया, जल्द उनका समाधान किया जाए। साथ ही बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि दिल्ली भूकंपीय क्षेत्र-IV जोन में है, जिसे संवेदनशील माना जाता है। इस आपदा प्रबंधन से निपटने की तैयारी करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने एक महीने के अंदर ग्रीष्मकालीन कार्य योजना 2025 और बाढ़ प्रबंधन कार्य योजना तैयार करके उसे लागू करने के आदेश दिए गए हैं।
खतरे वाले इलाके
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और यमुना किनारे के घनी आबादी वाले इलाकों में भूकंप का सबसे ज्यादा खतरा होता है। यहां अनाधिकृत कॉलोनियां हैं, जिन पर चार-पांच मंजिला कमजोर इमारतें बनी हुई हैं। इसके कारण भूकंप का ज्यादा खतरा बना रहता है।
बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
- दिल्ली में प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले खतरों का आंकलन करने का निर्देश दिया गया है।
- भूकंप से बचने और तैयारी के लिए कार्य योजना तैयार करने के लिए कहा गया है।
- भीषण गर्मी और लू के प्रभावों से बचने के लिए हीट एक्शन प्लान 2025 तैयार करने के लिए कहा गया है।
- शहरी बाढ़ की रोकथाम और उससे निपटने के उपाय के लिए निर्देश दिए गए।
- समय से करने नालों और सीवरों सफाई कराने के निर्देश।
- जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कहा गया है।
- साथ ही बाढ़ संभावित इलाकों में अतिरिक्त पंप लगाने की योजना तैयार करने के लिए कहा गया है।
ये भी पढ़ें: Delhi Metro Timing: यात्रियों के लिए जरूरी खबर, होली के दिन सुबह ठप रहेगी सेवा, जानें कब चलेगी पहली मेट्रो