Delhi Municipal Corporation: दिल्ली विधानसभा में सत्ता परिवर्तन हो गया है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी से सत्ता छीन ली है और दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बना ली है। अब यह डबल इंजन की सरकार यहीं तक नहीं रुकेगी, बल्कि ये ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। दिल्ली नगर निगम में अभी भी आम आदमी पार्टी का शासन है, लेकिन जल्द ही भाजपा इस पर भी काबिज हो सकती है। एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह ने इसको लेकर सदन में आम आदमी पार्टी को चेतावनी भी दे दी है।

'भाजपा के पास पार्षदों की संख्या 119 पहुंची '

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को सदन में भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आप ने सदन में बहुमत खो दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से नगर निगम की स्थायी समिति का गठन करने में अनिच्छा जाहिर कर आप ने निगम के विकास और प्रशासनिक कार्यों को ठप्प कर दिया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में आप के कई पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जिससे उसके पास बहुमत नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास सदन में 119 पार्षद हो चुके हैं, आप के पास 112 पार्षद और कांग्रेस के पास 7 पार्षद हैं।

विपक्ष की अनुपस्थिति में सदन चलाना असंवैधानिक

राजा इकबाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पता है कि नगर निगम से उसका मेयर कभी भी हट सकता है, इसी कारण से आप ने झूठी घोषणाएं करनी शुरू कर दी है। महापौर ने विपक्ष की अनुपस्थिति में सदन की कार्यवाही सिर्फ 3 मिनट के लिए संचालित किया, ये असंवैधानिक है। इससे साफ है कि आप के पास बहुमत नहीं बची है, इस बात को साबित करने के लिए एक मार्च को सत्र बुलाया जाए।

ये भी पढ़ें:- Delhi Assembly Session: 1 मार्च के बाद भी बढ़ाई गई विधानसभा सत्र की तारीख, जानें अब कब तक चलेगा सदन?