Logo
Firing in Mangolpuri: मंगोलपुरी में होली का दिन विनोद के परिवार के लिए काल बनकर आया. यहां संपत्ति विवाद मे विनोद नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं फायरिंग से पहले विनोद के परिवार पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया।

Firing in Mangolpuri: जहां एक ओर देश कल होली के रंग में रंगा हुआ था तो वहीं दिल्ली के मंगोलपुरी में खून की होली खेली गई। यहां कुछ लोगों ने संपत्ति विवाद में एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी। मंगोलपुरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रामलीला ग्राउंड में फायरिंग हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देेखा कि फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर थी। घायलों को आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलने के बाद क्राइम और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से सारे सबूतों को इकट्ठा किया गया ताकि इस वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस टीम को मौके से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो खोल भी बरामद हुए हैं। 

विनोद की प्रॉपर्टी विवाद के चलते की हत्या

इस घटना में 26 वर्षीय विनोद उर्फ शिवम नाम के युवक को पत्थर, डंडे और लोहे की रॉड से पीटा गया और उसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे की वजह प्रॉपर्टी विवाद और आपसी रंजिश को बताया जा रहा है। मृतक के परिवार पर भी डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किया गया। 

 एक महिला सहित अन्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की ओर से की गई जांच में ये पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। साथ ही इस घटना में घायल विनोद की मां की हालत नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा, पुलिस ने मामले में एक महिला सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है।

5379487