Logo
Gokulpuri Accident: दिल्ली के गोकुलपुरी में शनिवार सुबह होर्डिंग गिरने से एक शख्स बुरी तरह घायल हो गया। वहीं, होर्डिंग के नीचे दबकर दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

Gokulpuri Accident: दिल्ली के गोकुलपुरी में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। आज यानी शनिवार सुबह होर्डिंग गिरने से एक शख्स बुरी तरह घायल हो गया। वहीं, होर्डिंग के नीचे दबकर दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो के काम में इस्तेमाल होने वाले ट्रक ने होर्डिंग को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद होर्डिंग बोर्ड एकदम से नीचे गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि यह घटना मेन गोकुलपुरी चौक के फ्लाईओवर की है, जो यमुना विहार और भजनपुरा की ओर जा रहा है।

आरोपी ड्राइवर मौके से हुआ फरार 

हादसे के बाद तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी गई कि यहां एक होर्डिंग बोर्ड गिर गया है, जिसके नीचे एक शख्स और दो गाड़ियां दब गई हैं। घायल की पहचान अजब सिंह के रूप में हुई है, जो हादसे के समय होर्डिंग के पास लगी पत्थर की बेंच पर बैठा था। उसे तुरंत होर्डिंग के नीचे से निकाला गया और पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। फिलहाल, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने धारा 279/336/337 के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि होर्डिंग गिरने के लिए किसको जिम्मेदार ठहराया जाएगा। 

गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन पर हुआ था बड़ा हादसा

इससे पहले इसी साल फरवरी माह में गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन पर बड़ा हादसा हो गया था। जहां प्लैटफॉर्म के पूर्व में बनी रेलिंग भरभराकर गिर पड़ी थी। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि 4 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद बिल्डर और कॉन्ट्रेक्टर्स के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। विस्तृत खबर के लिए यहां क्लिक करें...

5379487