Logo
Chaitra Navratri 2024: नवरात्रि के पर्व पर कई लोग माता रानी के दर्शन करने के लिए कुछ मंदिरों का रुख करते हैं। ऐसे में दिल्ली के कुछ मंदिरों में दर्शन करना आपके लिए बेस्ट हो सकता है। इसलिए चैत्र नवरात्रि पर आप इन मंदिरों में जाकर जरूर दर्शन करें।

Chaitra Navratri 2024: हिंदू धर्म में चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri) का विशेष महत्व है। होली के बाद ज्यादातर लोग नवरात्रि के पर्व का बेहद बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस साल 9 अप्रैल से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत होने जा रही है। नवरात्रि के दौरान कुछ लोग दुर्गा पूजा के भव्य पंडालों का भी दीदार करते हैं, तो कई लोग नवरात्रि में देवी दुर्गा के दर्शन करने के लिए मंदिर का रुख करना पसंद करते हैं। अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं तो इन मंदिरों में जाकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। 

वैसे तो राजधानी दिल्ली में कई खूबसूरत मंदिर हैं, जहां पर लोग दूर-दूर से दर्शन करने के लिए आते हैं। मगर दिल्ली के इन मंदिरों में नवरात्रि पर शानदार आयोजन किया जाता हैं। चलिए हम आपको बताते हैं कि दिल्ली के कुछ फेमस मंदिरों के नाम, जहां पर दर्शन करके आप नवरात्रि का आनंद उठा सकते हैं। 

कालकाजी मंदिर प्यूमिक और संगमरमर पत्थर से बना
Kalkaji mandir
कालकाजी मंदिर

दिल्ली के कालकाजी मंदिर तीन हजार साल पुराना है। कालकाजी मंदिर जयंती पीठ और मनोकामना सिद्ध पीठ के नाम से भी मशहूर है। यह मंदिर प्यूमिक पत्थरों और संगमरमर से बना हआ है। यहां पर रोजाना भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। खासतौर पर नवरात्रि के दौरान कालकाजी मंदिर का दीदार आपके लिए बेस्ट हो सकता है। नवरात्रि में रात की आरती 2:30 बजे सुबह की और शाम की आरती 7 बजे होती है। 

मंदिर सुबह 4 बजे से लेकर रात 11 बजे तक खुला रहता है, लेकिन दिन में 11:30 से 12:00 बजे के बीच 30 मिनट तक भोग लगाने के लिए यह मंदिर बंद रहता है। वहीं शाम को 3 से 4 बजे के बीच साफ-सफाई के लिए बंद रहता है। बाकी किसी भी समय पर जाकर आप इस मंदिर में पूजा-पाठ और दर्शन के लिए जा सकते हैं। यहां जाने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन कालकाजी है।  

झंडेवाला मंदिर की खासियत
Jhandewala Temple
झंडेवाला मंदिर

दिल्ली का झंडेवाला मंदिर सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। नवरात्रि में यहां पर माता के दर्शन करने के लिए लाखों भक्त आते हैं। इस मंदिर की खुदाई के समय सबसे पहले एक झंडा मिला था। जिसकी वजह से इसका नाम झंडेवाला रखा गया। माता का यह सिद्धपीठ राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन के पास करोलबाग में स्थित है। शक्ति के इस पावन धाम पर सिर्फ नवरात्रि पर ही नहीं बल्कि पूरे साल भक्तों का तांता लगा रहता है। 

छतरपुर मंदिर में कई देवी-देवता स्थापित
Chhatarpur Temple
छतरपुर मंदिर

राजधानी दिल्ली के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों से एक छतरपुर मंदिर का नाम भी शुमार है। मां दुर्गा के छठे स्वरूप आद्या कात्यायनी का स्थल है। ये मंदिर साउथ वेस्ट दिल्ली में मौजूद है। छतरपुर मंदिर में अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। छतरपुर मंदिर जाने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन छतरपुर है, जो येलो लाइन पर स्थित है। छतरपुर मंदिर सुबह 6 बजे से लेकर रात 9 बजे तक खुला रहता है। नवरात्रि पर इस मंदिर में कई खास कार्यक्रमों का आयोजन होता है। 

शीतला माता मंदिर की मान्यता जान हो जाएंगे हैरान 
Shitala Mata Temple
शीतला माता मंदिर

दिल्ली के गुड़गांव में स्थित शीतला माता मंदिर लगभग 400 साल पुराना है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर में शीतला माता के दर्शन करने से चेचक, खसरा और आंखों की बीमारियों से निजात मिलती है। नवरात्रि पर इस मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ होती है। अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं, तो चैत्र नवरात्रि पर इन मंदिरों में जाकर दर्शन करें। 

5379487