Delhi Assembly Election 2025 Result Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान खत्म हो चुके हैं और अब जनता को चुनाव नतीजों का बेसब्री से इंतजार है। 8 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी, जिसके बाद यह साफ हो जाएगा कि दिल्ली की जनता ने किसे सत्ता की कमान सौंपी है। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और दोपहर 12 बजे तक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है। चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस ने मतगणना प्रक्रिया को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। आइए जानते हैं मतगणना से जुड़ी सभी अहम जानकारियां।
दिल्ली चुनाव: मतगणना की प्रक्रिया और समय
मतगणना की शुरुआत 8 फरवरी को सुबह 8 बजे से हो जाएगी। मतगणना केंद्रों में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के वोटों को गिना जाएगा। रुझान दोपहर 12 बजे तक स्पष्ट हो सकते हैं, जबकि अंतिम नतीजे शाम तक आ सकते हैं।
कहां देखें दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे?
अगर आप दिल्ली विधानसभा चुनाव के लाइव नतीजे देखना चाहते हैं, तो कई आधिकारिक और गैर-आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स पर इन्हें देखा जा सकता है। ऑनलाइन चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in के अलावा आप हमारी न्यूज वेबसाइट्स https://www.haribhoomi.com पर क्लिक कर के देख सकते हैं। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चुनाव आयोग के ट्विटर और फेसबुक पेज पर भी देखा जा सकता है।
दिल्ली में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर पड़े वोटों की गिनती के लिए 11 जिलों में कुल 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नॉर्थ दिल्ली में 8 विधानसभाओं के लिए 2 केंद्र, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में 5 विधानसभाओं के लिए 2 केंद्र, नई दिल्ली में 6 विधानसभाओं के लिए 3 केंद्र, जबकि शाहदरा और साउथ दिल्ली में प्रत्येक जिले के 5 विधानसभाओं के लिए 1-1 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं।
EVM और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग ने मतगणना के दौरान ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। सिक्योरिटी सिस्टम के तहत हर स्ट्रांग रूम के लिए तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसमें अर्धसैनिक बलों की दो कंपनियां अंदर तैनात रहेंगी, जबकि बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की होगी। स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों पर 350 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को स्ट्रांग रूम में सख्त सुरक्षा के तहत रखा गया है। मतदान संपन्न होने के बाद, सभी मशीनों को सील कर दिया गया था। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की विशेष टीम को तैनात किया गया है, जिसका नेतृत्व एडिशनल डीसीपी (Additional DCP) स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: अपने ही आरोपों पर बुरे फंस रहे केजरीवाल: एंटी करप्शन ब्यूरो जाएंगे सचदेवा, तो संदीप दीक्षित ने उठाए ये सवाल
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 का महत्व
इस बार का चुनाव दिल्ली की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस (INC) के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। हालांकि, एग्जिट पोल्स के मुताबिक भाजपा को बढ़त मिल सकती है, इसमें आप टक्कर में है। वहीं, कांग्रेस के भी खाता खुलने की संभावना जताई गई है। सभी दलों ने चुनाव प्रचार के दौरान जनता को लुभाने के लिए कई बड़े वादे किए थे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को 10 साल पूरे हो चुके हैं, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि जनता उन्हें एक और मौका देती है या सत्ता परिवर्तन होता है। साथ ही दिल्ली की जनता किसे अपना जनादेश देती है और कौन बनेगा अगला मुख्यमंत्री!
ये भी पढ़ें: BJP CM Face in Delhi: बीजेपी कर रही दिल्ली के सीएम चेहरे पर मंथन, चर्चा में ये नाम आगे, जानें किसके सिर सजेगा ताज