Logo
Narnaund Gangrape Case: नारनौंद में 15 साल की बच्ची के साथ घर में घुसकर दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। अब तक दोनों आरोपी फरार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Narnaund Gangrape Case: नारनौंद से 15 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। फिलहाल पीड़िता की मामा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी इस मामले में  किसी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

आरोपी करते थे ब्लैकमेल

हिसार जिले के नारनौंद उपमंडल के बास थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने महिला थाना हांसी में अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि, उसकी 15 साल की भांजी बचपन से ही उनके पास रहती है। वह कक्षा 11वीं में पढ़ती है। जब वह स्कूल जाती थी तो उस समय मुंढाल गांव के रहने वाले मनोज व सचिन उसकी भांजी को काफी समय से परेशान कर रहे थे। व्यक्ति ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि दोनों आरोपी उसकी भांजी को अक्सर फोन पर बात करने के लिए मजबूर करते थे।

वह उसकी भांजी को धमकी भी देते थे कि अगर वह उनसे बात नहीं करेगी तो वह उसके छोटे भाई को जान से मार देंगे। इस डर की वजह से पीड़िता ने दोनों आरोपियों से बात करना शुरू कर दिया था। दोनों आरोपियों के बारे में पीड़िता ने अपने मामा को नहीं बताया था। इस बात का फायदा उठाते हुए आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगे।

घर में घुसकर दुष्कर्म

यहां तक कि आरोपी नाबालिग लड़की को स्कूल से बाहर भी लेकर गए थे और उसके साथ दुष्कर्म किया था। 10 अगस्त की शाम जब बच्ची का मामा खेत में गया हुआ था। घर पर बच्ची अकेली थी तब इसका फायदा उठाकर दोनों युवक घर में घुसे और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, लेकिन पीड़िता का मामा जब घर वापस आया तो दोनों आरोपी उसके घर पर थे। बच्ची के मामा ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह मौके से फरार हो गए। इसके बाद बच्ची ने मामा को बताया कि दोनों ने डरा धमका कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है।

Also Read: यमुनानगर में नाबालिग से दुष्कर्म,घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम, जान से मारने की दी धमकी

आरोपी अब तक फरार है

फिलहाल हांसी महिला थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के मामा की शिकायत पर भिवानी जिले के मुंढाल गांव के रहने वाले मनोज व सचिन  के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

5379487