Logo
हरियाणा के नरवाना में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस अपने परिवार की राजनीति बचाने के चक्कर में लगी हुई है। पहले बाबू-बेटा, हुड्डा एंड सन अपने 10 साल के लूट का हिसाब दें। जेजेपी में अभी कोई टिकट लेने वाला नहीं बचा।

नरवाना: भारतीय जनता पार्टी नरवाना के तीनों मंडलों की बैठक जाट धर्मशाला में हुई, जिसमें पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा भाजपा के कार्यकाल के 10 साल आम जनमानस की जिंदगी के स्वर्णिम 10 साल कहलाएंगे। इन 10 सालों में लगातार हर वर्ग, हर जाति का विकास हुआ है। भाई-भतीजावाद खत्म हुआ है, पूर्ण पारदर्शिता से नौकरियों का आवंटन हुआ है। केंद्र व प्रदेश की नीतियों से ऐसा कोई परिवार नहीं, जिसको कुछ ना कुछ लाभ न मिल रहा हो। चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। कार्यकर्ता कमर कस लें और केंद्र व प्रदेश की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

राजनीति बचाने के चक्कर में कांग्रेस

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनमानस व युवा को कैसे रोजगार दिया जाए, इस सोच पर काम कर रही है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जबकि हरियाणा में कांग्रेस अपने परिवार की राजनीति बचाने के चक्कर में लगी हुई है। कांग्रेस की हिसाब मांगो यात्रा का पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि पहले बाबू-बेटा, हुड्डा एंड सन अपने 10 साल के लूट का हिसाब दें। किस प्रकार सरकारी नौकरियों की खुली बोली लगती थी, करोड़ों की जमीन कौड़ियों के भाव खरीद कर ऊंचे दामों पर बेची जाती थी। प्रदेश में बिना खर्ची बिना पर्ची 141000 नौकरी मिली, कांग्रेस के कमिशन खोर इसका हिसाब मांग रहे हैं। कांग्रेस राज में किसानों को मुआवजे के रूप में पांच व 10 रुपए के चेक देकर बड़ा मजाक किया जाता था।

कांग्रेस ने जनता को दिया भ्रष्टाचार

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस के पास हरियाणा की जनता को देने के लिए भ्रष्टाचार के सिवा कुछ भी नहीं है। कांग्रेस राज में किसानों के ऊपर लाठीचार्ज किया गया। जेजेपी को लेकर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जेजेपी में अभी कोई टिकट लेने वाला नहीं बचा। भाजपा ने किसानों के खाते में सीधा छह हजार देने का बढ़िया फैसला कर रखा है। गरीब आदमी का पांच लाख तक का आयुष्मान के तहत मुफ्त इलाज हो रहा है। यह सभी भाजपा के कार्यकाल में संभव है। केंद्र व प्रदेश की नीतियों की बदौलत भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। अबकी बार किसी बैसाखी की जरूरत नहीं पड़ेगी।

5379487