Birendra Singh on Bhupinder Hooda: हरियाणा के पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का कांग्रेस पार्टी को लेकर एक बयान सामने आया है। बीरेंद्र सिंह ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस केवल व्यक्ति विशेष की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को जिंदा रखना है तो इसे आगे बढ़ना होगा। इसके अलावा बीरेंद्र सिंह ने EVM मशीन को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
JJP और इनेलो को कांग्रेस के साथ जुड़ना चाहिए- बीरेंद्र सिंह
बीरेंद्र सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि EVM का सवाल मशीन पर नहीं है बल्कि उसे बनाने और चलाने वालों पर है। उन्होंने कहा कि EVM को भी किसी मनुष्य ने बनाया होगा। वह भी उसमें कमी कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि JJP और इनेलो को अपने निजी स्वार्थ को छोड़कर कांग्रेस के साथ जुड़ जाना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस बड़ी पार्टी है। बीजेपी पर हमला करते हुए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के साथ का अंजाम JJP भुगत चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की केवल एक नीति है कि अपने स्वार्थ के लिए क्षेत्रीय दलों को अपने साथ जोड़ लेती है।
भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस को अपने तक सीमित रखा- बीरेंद्र सिंह
बीरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि पिछले 15 साल से भूपेंद्र हुड्डा कांग्रेस के नंबर वन नेता रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को उन्होंने अपने तक ही सीमित रखा है। पार्टी का मतलब यह नहीं होता कि केवल एक व्यक्ति के पास सारी शक्ति होनी चाहिए। अगर पार्टी जनता की होती है, तो संगठन मजबूत बनता है। विधानसभा चुनाव में रिजल्ट बेहतर आता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की हार हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष उदयभान को इस्तीफे की पेशकश करना चाहिए थी। कांग्रेस में पिछले 15 सालों से संगठन नहीं बना है जिसकी वजह से पार्टी विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र को स्वस्थ रखने के लिए EVM के बजाय चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए।
Also Read: कारण बताओ नोटिस पर अनिल विज की पहली प्रतिक्रिया, बोले- 'घर जाऊंगा, फिर जवाब लिखूंगा'
संगठन होने पर होता है टिकटों का सही बंटवारा- बीरेंद्र सिंह
चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे के लिए बीरेंद्र ने कहा कि, सही टिकटों का बंटवारा तब होता, जब संगठन मजबूत हो। संगठन ही नहीं होगा तो ये कौन बताएगा कि टिकट सही बंटी हैं या गलत। जो व्यक्ति विशेष सर्वे करवा रहा है, जो वो चाहेगा, वहीं सर्वे में आएगा, क्योंकि सर्वे के लिए जिसने एजेंसी को हायर किया है, एजेंसी उसे नाराज क्यों करेगी। जेजेपी और इनेलो के लिए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इन्होंने क्षेत्रीय भावनाओं की हत्या की है। उन्होंने यह भी कहा कि दुष्यंत चौटाला ने पार्टी खड़ी करके बीजेपी के खिलाफ वोट मांगे थे। लोगों ने बीजेपी के खिलाफ उसे वोट दिए और बाद में उन्हीं के साथ जुड़ गए।