पुलिस के संरक्षण में देह व्यापार : कैथल में एक नाबालिग के साथ दुराचार और उसे देह व्यापार में धकेलने के मामले में पुलिस कर्मचारी ही आरोपों में घिर गए हैं। पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल नीतू को गिरफ्तार किया है, जबकि एएसआई जगभान फरार है। दोनों पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि यह देह व्यापार करवाने वाले गिरोह को संरक्षण दे रहे थे। पिछले महीने 17 वर्षीय लड़की की शिकायत पर कैथल सिटी थाने में केस दर्ज हुआ था।

दो आरोपी पहले भी हो चुके गिरफ्तार

लड़की ने शिकायत में प्रदीप और बलिंद्र पर दुराचार और देह व्यापार करवाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया तो कई चौकाने वाले खुलासे हुए। यह गिरोह बहला-फुसलाकर और ब्लैकमेल कर देह व्यापार की दलदल में धकेलता था। इन्हें स्थानीय पुलिस से सहायता मिल रही थी। 

आरोपी नीतू को कोर्ट ने भेजा जेल

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सिविल लाइन थाने में तैनात एएसआई जगभान और हेड कॉन्स्टेबल नीतू का इस देह व्यापार वाले गिरोह का संरक्षण प्राप्त था। आरोपी नीतू के परिवार वालों के खातों में भी लेनदेन की पुष्टि हुई। जांच के बाद पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल नीतू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। 

डीएसपी गुरविंद्र के पास है मामला

मामले की जांच कर रहे डीएसपी गुरविंद्र ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर भी जांच हो रही है। अभी आरोपी एएसआई जगभान फरार है। जगभान की गिरफ्तारी होने के बाद और भी कड़ियां जुड़ने की संभावना है। 

यह भी पढ़ें : लिफ्ट लेकर ब्लैकमेल करने वालों का खुलासा : महिला और उसका गैंग 50 से ज्यादा लोगों को बना चुका निशाना, 20 हजार ठगते एक पकड़ा